खड़ी ट्रेन के कोच में महिला से रेप और हत्या, 4 दिन बाद मिली लाश तो उड़े होश
तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले स्थित नागरकोविल रेलवे यार्ड में खड़े एक खाली कोच के अंदर 54 वर्षीय महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने महज 6 घंटे के अंदर संदिग्ध को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है, जबकि महिला की पहचान उसकी सोने की अंगूठी पर दर्ज हॉलमार्क के जरिए हुई.
13-14 नवंबर की दरमियानी रात को हुई इस वारदात का पता तब चला जब कोच को दूसरी ट्रेन के साथ जोड़ने के लिए साफ किया जा रहा था.
पहले तो पुलिस मृतका की पहचान स्थापित नहीं कर पाई फिर उन्हें सांप के डिजाइन वाली एक सोने की अंगूठी मिली. रेलवे एसपी (त्रिची) आदर्श पचेरा के अनुसार, हॉलमार्क की जांच से पता चला कि अंगूठी गुजरात के एक विक्रेता ने रायपुर (छत्तीसगढ़) के एक ज्वैलर को बेची थी. इसके बाद खरीदारी (महिला द्वारा) के समय दिए गए पैन (PAN) कार्ड और पते की मदद से पुलिस मध्य प्रदेश में महिला के परिवार तक पहुंची जहां से वह कथित तौर पर पिछले तीन महीने से लापता थी.

जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में सफेद कपड़ों में एक संदिग्ध व्यक्ति कोच से बाहर निकलता दिखा. पूछताछ में स्टेशन पर घूमने वाले इस व्यक्ति ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, वह भिखारी है.
जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला को आरोपी खाली कोच में ले गया और उनके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इसके बाद उसने उन्हें मौत की नींद सुला दिया. पुलिस ने खून से सनी टीशर्ट बरामद की है जो कथित तौर पर आरोपी ने पहनी थी. इस टीशर्ट को उसने एक नाले में फेंक दिया था.
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने महिला से दुष्कर्म करने और उनकी हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है.. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले में जांच जारी है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















