उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने घोषित किए 8 उम्मीदवार
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है.
सोशल इंजीनियरिंग और जातीय संतुलन पर जोर
बीजेपी ने अपनी इस सूची से मजबूत सामाजिक और जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है. घोषित 8 प्रत्याशियों में 3 ओबीसी, 2 एससी और 3 सामान्य वर्ग के उम्मीदवार हैं. इनमें 2 महिलाएं भी शामिल है. सामान्य वर्ग से 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं, जबकि ओबीसी कोटे से लोधी, पाल और कुर्मी समुदायों को जगह मिली है.
उम्मीदवारों की सूची में यूपी के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, यूपी बीजेपी ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं. इस बार केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का नाम लिस्ट में नहीं है.
चुनाव का पूरा कार्यक्रम और शेड्यूल
उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में पूरा हो रहा है. वहीं, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सदस्य रुक्मिणी मल्लिक के 16 जुलाई को दिए गए इस्तीफे के बाद एक सीट खाली हुई थी.
नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्टूबर
नाम वापसी की अंतिम तारीख: 9 अक्टूबर
मतदान की तारीख व समय: 16 अक्टूबर (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)
मतगणना: 16 अक्टूबर (शाम 5 बजे से)
प्रक्रिया समाप्ति: 19 अक्टूबर
वोटिंग के लिए विशेष दिशा-निर्देश
चुनाव आयोग ने इस चुनाव के लिए एक खास नियम भी बताया है. वोट डालने के लिए बैलेट पेपर पर पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा. किसी और पेन से वोट नहीं डाला जा सकेगा. आयोग ने कहा है कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
IANS/Hindi Post Dot In



















