गरज-चमक के साथ तेज बारिश से बदलेगा मौसम का मिजाज, Weather set to undergo change
नोएडा | दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर तूफानी गतिविधियां होने का अनुमान है. मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी. 5 अक्टूबर को जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है, वहीं 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 22 डिग्री तक पहुंच सकता है.
इसके बाद 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक आने का अनुमान है. यानी दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री तक नीचे जा सकता है. मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और तापमान 36/24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 6 अक्टूबर को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दिन गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है और तापमान 34/22 डिग्री रहने का अनुमान है.
7 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 32 तथा न्यूनतम 22 डिग्री रह सकता है. 8 अक्टूबर को 33/22 डिग्री, 9 अक्टूबर को 32/23 डिग्री और 10 अक्टूबर को 32/22 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है. इन दिनों भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम में बदलाव के बीच एनसीआर की हवा की गुणवत्ता चिंता बढ़ा रही है.
ऐसे में 6 अक्टूबर को संभावित बारिश और तेज हवाएं एक ओर जहां तापमान में राहत दे सकती हैं, वहीं बारिश के बाद वातावरण में मौजूद धूल के कण कुछ समय के लिए नीचे बैठने से वायु गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद भी बन सकती है.
BY IANS
एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना



















