बेहद खौफनाक : महिला को पेड़ से बांधकर ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर गैंगरेप
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
बेहद खौफनाक : महिला को पेड़ से बांधकर ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर गैंगरेप, BIG NEWS
सुरेंद्रनगर | गुजरात के सुरेंद्रनगर में पुलिस ने दो महिलाओं सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि एक शादीशुदा महिला के दूसरे पुरुष से संबंध है. इस पर महिला को “सजा” दी गई. उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की गई. यह भी आरोप है कि महिला के साथ गैंगरेप किया गया. यह बर्बरता कथित “शुद्धिकरण” के नाम पर की गई और बाद में इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाल दिया गया.
पुलिस ने बताया कि महिला ने शुरुआत में उनसे संपर्क नहीं किया था. हालांकि, लोगों से सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और उसकी (पीड़िता) तलाश शुरू की.
सुरेंद्रनगर के एसपी प्रेमसुख देलू ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद महिला का पता लगाने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया.
आखिरकार महिला का पता लगा लिया गया. उसे पुलिस थाने लाया गया जहां उसका बयान दर्ज हुआ और उसे सुरक्षा दी गई.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, महिला अपने पति को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने चली गई थी. उसके पति और रिश्तेदारों ने कथित तौर पर उसका पता लगाया. वे उसे (पीड़िता) एक मकान में ले आए जहां उसे ताले और जंजीरों में बांधकर रखा गया.
वह किसी तरह वहां से भाग निकलने में सफल रही लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उसे फिर से पकड़ लिया और रस्सियों की मदद से एक पेड़ से बांध दिया.
आरोपियों ने कथित तौर पर “शुद्धिकरण” अनुष्ठान के नाम पर महिला और उसके साथी पुरुष को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और अपमानित किया.
पुलिस के मुताबिक, कई लोगों द्वारा महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया. इस पूरी घटना को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया गया था. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.
ए-डिवीजन पुलिस इंस्पेक्टर आर.एम. संगदा ने बताया कि वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. इनमें यौन अपराध, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, अवैध रूप से बंधक बनाना, अपहृत व्यक्ति को छिपाकर रखना और समान मंशा से अपराध को अंजाम देने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं. इसके साथ ही आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ है.
पुलिस ने सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं जिन पर इस अपराध में मदद करने या शामिल होने का कथित आरोप है.
जांच अधिकारी पकड़े गए लोगों की पृष्ठभूमि और उनकी भूमिकाओं की भी जांच कर रहे हैं. पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है.
BY IANS
गुजरात में महिला को पेड़ से बांधकर ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर गैंगरेप, नौ लोग गिरफ्तार
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
