Tuesday, 24 November 2026
बड़ी खबरें

राजीव गांधी की हत्या को लेकर राहुल गांधी का सनसनीखेज दावा, सोनिया गांधी के संस्मरण पर बातचीत में खोले कई अनकहे राज

The Hindi Post

राजीव गांधी की हत्या को लेकर राहुल गांधी का सनसनीखेज दावा, सोनिया गांधी के संस्मरण पर बातचीत में खोले कई अनकहे राज

 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। राहुल का यह बयान कांग्रेस के उस पुराने आरोप को फिर चर्चा में ले आया है, जिसमें पार्टी ने तत्कालीन वीपी सिंह सरकार पर राजीव गांधी की सुरक्षा हटाने का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी ने यह बात अपनी मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के संस्मरण पर उनके साथ बातचीत के दौरान कही। इस बातचीत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।

इस चर्चा का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है।

बिहार दौरे के बाद राहुल गांधी को सताने लगी थी पिता की सुरक्षा की चिंता

बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने साल 1991 के एक वाकये का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के साथ बिहार दौरे पर गए थे। इस दौरान भीड़ की ओर से राजीव गांधी पर पत्थर फेंके गए थे और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी।

सोनिया गांधी ने बताया कि इस घटना के बाद जब राहुल घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां से पिता की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल ने उनसे कहा था, ‘मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया तो मुझे लगता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा।’

राहुल बोले- पिता की सुरक्षा हटाने के पीछे उन्हें साजिश नजर आई
राहुल गांधी ने बिहार दौरे की घटना को अपनी चिंताओं का आखिरी पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि पिता की सुरक्षा को लेकर उनका रुख बिल्कुल स्पष्ट था। राहुल के मुताबिक, ‘पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके।’

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सोनिया गांधी के संस्मरण को लेकर उनके साथ बातचीत हो रही थी। इस दौरान उन्होंने पिता की सुरक्षा से जुड़ी अपनी पुरानी आशंकाओं और बिहार दौरे के अनुभव को साझा किया।

सोनिया की किताब में छूट गईं हैं कई बातें : राहुल

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में 500 से अधिक पेज होने के बावजूद इसमें कई बातें छूट गई हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उनका (राहुल गांधी) 7वां जन्मदिन भी योजना के अनुसार नहीं मनाया जा सका।

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां की जीवन-यात्रा में अपार प्रेम और बेहद दुखद घटनाएं रही हैं तथा उन्होंने इन सभी परिस्थितियों का सामना गरिमा और साहस के साथ किया है। इस बीच सोनिया गांधी ने भी इसी संदर्भ में एक्स पर लिखा, “मैंने अपनी यादों के आधार पर ‘बिलॉन्गिंग’ लिखी। राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें शेयर कीं और इन कहानियों को एक नया जीवन मिल गया। मेरे बच्चे मेरी सबसे बड़ी खुशी और ताकत हैं और वे दो ऐसे लोग हैं जो किसी और की तुलना में मेरे धैर्य की सबसे अधिक परीक्षा लेते हैं।”

 

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

ताज़ा खबरें

error: Content is protected !!