कानपुर: इलेक्ट्रिक लोको शेड और IIT कानपुर के बीच हुआ अहम MoU, WAG-9H इंजनों की खामियों पर होगा शोध
कानपुर | उत्तर मध्य रेलवे के कानपुर स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के बीच 23 नवंबर 2026 (सोमवार) को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. 6 माह की अवधि वाली इस परामर्श परियोजना का मुख्य उद्देश्य तीन फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, विशेषकर WAG-9H श्रेणी के इंजनों में आने वाली तकनीकी समस्याओं का वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए समाधान निकालना है. इस कार्य में आईआईटी कानपुर स्थित ‘सेंटर फॉर रेलवे रिसर्च’ (CRR) नोडल केंद्र के रूप में अहम भूमिका निभाएगा.
इस साझेदारी के तहत पहला अध्ययन मशीन रूम के तापमान और आर्द्रता की समस्या का समाधान निकालने के लिए किया जाएगा. गर्मी और मानसून में अत्यधिक तापमान व नमी से खराब होने वाले इलेक्ट्रॉनिक कार्ड, सेंसर और अन्य उपकरणों को बचाने के लिए ‘कम्प्यूटेशनल फ्लूइड डायनेमिक्स’ (CFD) तकनीक से वायु प्रवाह और वेंटिलेशन का विश्लेषण किया जाएगा. साथ ही, एयर इनलेट फिल्टर व मशरूम आउटलेट की डिजाइन में सुधार के सुझाव दिए जाएंगे. इस परियोजना की कुल लागत 15 लाख रुपये होगी.
दूसरे अध्ययन के अंतर्गत ट्रैक्शन व ऑक्जिलरी कन्वर्टर में लगे IGBT मॉड्यूल्स पर विभिन्न परिचालन अवस्थाओं में पड़ने वाले विद्युत व तापीय तनाव का विश्लेषण होगा. इसमें स्टार्टअप, DC लिंक वोल्टेज बिल्डअप, VCB संचालन, एक्सीलरेशन और रीजनरेशन जैसी अवस्थाओं में उपकरणों के व्यवहार का परीक्षण किया जाएगा. इसके अलावा कूलिंग सिस्टम, कोल्ड प्लेट, रेडिएटर, कूलेंट और हीट सिंक की कार्यक्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा. इस परियोजना की कुल लागत 20 लाख रुपये होगी.
इस वैज्ञानिक विश्लेषण से लोकोमोटिव में बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियों की जड़ पहचानने, उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ाने, इंजन की उपलब्धता सुधारने और परिचालन लागत को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. इस अवसर पर इलेक्ट्रिक लोको शेड, कानपुर से वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता राहुल त्रिपाठी और मंडल विद्युत अभियंता आलोक कुमार मिश्रा मौजूद रहे. वहीं, आईआईटी कानपुर से विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. पीयूष कांत और यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. सर्वेश मिश्रा उपस्थित रहे. दोनों पक्षों के बीच इस MoU में प्रो. अनिरुद्ध गौतम की मध्यस्थता महत्वपूर्ण रही.
हिंदी पोस्ट डॉट इन


















