अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड, पार्टी का आया बयान
लखनऊ | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज कथित तौर पर सस्पेंड किए जाने की खबर सामने आई है. रविवार को उनका ऑफिशियल फेसबुक पेज नजर नहीं आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, मेटा की ओर से अखिलेश यादव के फेसबुक पेज को सस्पेंड किया गया है. हालांकि, इस संबंध में मेटा की ओर से आधिकारिक पुष्टि या कोई बयान सामने नहीं आया है.
समाजवादी पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि तकनीकी समस्या के कारण माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है. मेटा इसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहा है.
अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज उपलब्ध नहीं होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी उनका फेसबुक अकाउंट कुछ समय के लिए पहुंच से बाहर हो गया था. उस समय समाजवादी पार्टी ने फेसबुक अकाउंट के निलंबन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था और इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया था.
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अखिलेश का BJP पर हमला, धीरेंद्र शास्त्री को लेकर भी दिया बड़ा बयान
अक्टूबर 2025 में अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट शुक्रवार शाम कई घंटों तक उपलब्ध नहीं रहा था. उस दौरान अकाउंट खोलने पर कंटेंट उपलब्ध नहीं होने, पेज के डिलीट किए जाने या तकनीकी समस्या से जुड़ा संदेश दिखाई दे रहा था. बाद में शनिवार सुबह अकाउंट बहाल हो गया था.
उस समय समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर फेसबुक अकाउंट के निलंबन को लोकतंत्र पर हमला बताया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है. पार्टी ने यह भी कहा था कि समाजवादी पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी और भाजपा की नीतियों का विरोध जारी रखेगी.
अक्टूबर 2025 की घटना के दौरान समाजवादी पार्टी ने यह भी रेखांकित किया था कि अखिलेश यादव देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और लोकसभा में पार्टी के 37 सांसद हैं. फिलहाल, अखिलेश यादव के फेसबुक पेज के गायब होने या कथित निलंबन के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. मेटा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने के बाद ही इस मामले में तस्वीर साफ हो सकेगी.
IANS



















