पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया
अररिया | बिहार के अररिया जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. इसमें छह लोगों की मौत हो गई है. ये सभी लोग एक तिलक समारोह में शामिल होकर स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे मरिया नदी में जा गिरा. हादसे में वाहन चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित थुमहा गांव के निवासी अररिया के सिकटी प्रखंड के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और यह दुर्घटना हो गई. मृतकों की उम्र 15 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है. सभी लड़की पक्ष से थे.
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालकर अररिया सदर अस्पताल भिजवाया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों और मुख्यालय डीएसपी ने छह मौतों की पुष्टि की है. हादसे के बाद थुमहा गांव और मृतकों के परिजनों में मातम पसरा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
By IANS
बिहार : पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया



















