300 रुपए के लिए ट्रिपल मर्डर ! प्लंबर ने बुजुर्ग दम्पत्ति और घरेलु सहायिका की पेंचकस से गोदकर की हत्या
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. विष्णुलोक कॉलोनी में एक प्लंबर ने पेचकस से गोदकर बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजकुमार पिछले दो वर्षों से 80 वर्षीय रमेश चावला के घर प्लंबिंग का काम करता आ रहा था. मंगलवार दोपहर दंपति ने उसे किसी काम के लिए बुलाया था. काम खत्म होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने पेचकस से रमेश चावला और उनकी पत्नी रजनी चावला (75) पर जानलेवा हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची घरेलू सहायिका शीला (48) पर भी आरोपी ने कथित तौर पर वार कर दिया जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
दोपहर करीब सवा तीन बजे पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. स्थानीय लोगों ने भाग रहे आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. जब पुलिस घर में घुसी तो देखा कि तीन लोग लहूलुहान हालत में पड़े है. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने मीडिया को बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दोपहर करीब 1 बजे अकेला घर की तरफ जाता दिखा है. पूछताछ में पता चला है कि वह पहले काम करके निकला और फिर लूट या हत्या की नीयत से दोबारा वापस आया था. पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद की है. मृतका के परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद महज 300 रुपये के लेन-देन से शुरू हुआ था. इसके बाद आरोपी प्लंबर ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी भी उसकी हिंसा का शिकार हो गई और तीनों की मौत हो गई.
हिंदी पोस्ट डॉट इन


















