मंकीपॉक्स ने ली 2 और लोगों की जान, स्वास्थ्यकर्मियों में संक्रमण फैलने का खतरा: डब्ल्यूएचओ

Monkeypox Depositphotos_569355598_S (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (इंग्लिश पोस्ट)

The Hindi Post

जेनेवा | मंकीपॉक्स के संक्रमण ने दो और लोगों की जान ले ली है. मंकीपॉक्स संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने गुरुवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी.

डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट में कहा गया है कि 1 जनवरी से 4 जुलाई तक, डब्ल्यूएचओ को मंकीपॉक्स के 6,027 मामलों की पुष्ट सूचना मिली है और इससे तीन लोगों कि मौत हो गई है. यह 6,027 मामले 59 देशों में दर्ज किए गए है.

तीनों मौतें अफ्रीका में हुई हैं, जहां से अब तक 173 मामले सामने आए हैं. यूरोपीय क्षेत्र में सबसे अधिक 4,920 मामले दर्ज किए गए हैं और इसके बाद अमेरिका में 902 मामले सामने आ चुके हैं.

डब्ल्यूएचओ ने मंकीपॉक्स के प्रयोगशालाओं में पुष्ट मामलों की संख्या में 77 प्रतिशत साप्ताहिक वृद्धि की बात कही है.

27 जून को डब्ल्यूएचओ के अंतिम अपडेट के बाद से, 2,614 नए मामलों और दो नई मौतों के साथ 77 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. मंकीपॉक्स के मामले 9 नए देशों से रिपोर्ट हुए है.

इसके अलावा, वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि इसे देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों में भी संक्रमण फैलने का खतरा अधिक है.

अब तक रिपोर्ट किए गए मामलों में 25 स्वस्थ्यकर्मी भी इसकी (मंकीपॉक्स) की चपेट में आ गए है. अब तक, मंकीपॉक्स ने मुख्य रूप से उन पुरुषों को प्रभावित किया है जो पुरुषों के साथ यौन संबंध रखते हैं और जिन्होंने हाल ही में एक या कई पुरुष भागीदारों के साथ यौन संबंध बनाए हैं.

मंकीपॉक्स के लगभग 99.5 प्रतिशत मामले पुरुषों में सामने आए हैं. इससे प्रभावित पुरुषों की औसत आयु 37 वर्ष है.

रिपोर्ट किए गए यौन मामलों में, 60 प्रतिशत समलैंगिक, द्विलिंगी और पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले अन्य पुरुषों के रूप में पहचाने गए हैं और 41 प्रतिशत मामले एचआईवी पॉजिटिव वाले हैं.

इस बीच, डब्ल्यूएचओ के प्रमुख डॉ. ट्रेडोस अदनोम घेबियस ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, “परीक्षण (मंकीपॉक्स का परीक्षण) एक चुनौती बनी हुई है और यह संभावना काफी अधिक है कि बड़ी संख्या में मामले अभी सामने ही नहीं आए हैं.”

डब्ल्यूएचओ के अनुसार, ज्ञात संपर्कों के बीच संचरण का सबसे अधिक संदिग्ध और सूचित मार्ग, यौन संपर्क (sexual contact) के माध्यम से रहा है.

आईएएनएस


The Hindi Post
error: Content is protected !!