विराट कोहली के फैन ने की रोहित शर्मा के फैन की हत्या, गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर (क्रेडिट: इंग्लिश पोस्ट)
चेन्नई | विराट कोहली का एक कट्टर प्रशंसक इस तरह नाराज हुआ कि रोहित शर्मा के प्रशंसक को जान से मार डाला. दोनों नशे में घुत थे.
विराट कोहली के प्रशंसक ने अपने दोस्त के सिर पर पहले शराब की बोतल से हमला किया और उसके बाद क्रिकेट बैट से वार किया. इससे रोहित शर्मा के प्रशंसक की मौत हो गई. यह घटना 11 अक्टूबर की है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक विग्नेश, रोहित शर्मा का प्रशंसक था और एस. धर्मराज विराट कोहली का समर्थक है.

तमिलनाडु के अरियाल्लूर जिले में मल्लूर के पास एक सिडको औद्योगिक एस्टेट में शराब पीने के बाद दोनों क्रिकेट पर चर्चा कर रहे थे. इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई.
विग्नेश ने पहले भी धर्मराज का मजाक उड़ाया था और उसके हकलाने पर उसे बॉडी शेम किया था. जब दोनों का विवाद चल रहा था उस दौरान विग्नेश ने विराट कोहली और उनकी आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मजाक उड़ाया. पुलिस ने कहा कि क्रोधित धर्मराज ने विग्नेश को शराब की बोतल और क्रिकेट के बल्ले से मारा, जिससे उसकी मौत हो गई.
विग्नेश का शव अगले दिन सुबह श्रमिकों ने सिडको औद्योगिक एस्टेट के पास पड़ा देखा. उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अरियालुर के सरकारी अस्पताल भेजा गया. धर्मराज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि विग्नेश आईटीआई उत्तीर्ण युवक था और सिंगापुर से वर्क परमिट मिलने का इंतजार कर रहा था.

ians
