इस बल्लेबाज ने ODI क्रिकेट में रचा इतिहास, लगाया सबसे तेज “दोहरा शतक”

big news badi_khabar_50_60kb (1)
The Hindi Post

इस बल्लेबाज ने ODI क्रिकेट में रचा इतिहास, लगाया सबसे तेज “दोहरा शतक”, BIG NEWS

 

रावलपिंडी । इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने गुरुवार को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज के तीसरे मुकाबले में दोहरा शतक जड़ा। ब्रूक ने 200 रनों का आंकड़ा महज 114 गेंदों में छुआ, जिसके साथ वह वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज ‘दोहरा शतक’ लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।

इस पारी के साथ ब्रूक वनडे पारी में 200 रन बनाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। ग्लेन मैक्सवेल के बाद, ब्रूक वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो ओपनर नहीं हैं।

वनडे क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों में शुभमन गिल दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 117 गेंदों में ऐसा किया था। वहीं, ईशान किशन बांग्लादेश के विरुद्ध 126 गेंदों में यह कारनामा कर चुके हैं।

वनडे इतिहास में सिर्फ 14 बार बल्लेबाजों ने दोहरा शतक लगाया है। इनमें रोहित शर्मा शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के विरुद्ध ईडन गार्डन्स मैदान पर 264 रनों की पारी खेली थी।

इंग्लैंड की तरफ से वनडे फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में बेन स्टोक्स दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में न्यूजीलैंड के विरुद्ध 182 रन बनाए थे। वहीं, जेसन रॉय साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 180 रन की पारी खेल चुके हैं।


हैरी ब्रूक (फोटो: आईएएनएस)

गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 429 रन बनाए। टॉम बैंटन ने बेन डकेट के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 80 गेंदों में 74 रन की साझेदारी की। बैंटन 51 गेंदों में 9 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम को डकेट (29) के रूप में दूसरा झटका लग गया।

इस टीम ने 85 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जो रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए 127 गेंदों में 159 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। रूट 66 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल रहे।

टीम को 244 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जिसके बाद ब्रूक ने विल जैक्स के साथ चौथे विकेट के लिए 77 गेंदों में 185 रन जोड़कर टीम को 429/4 के स्कोर तक पहुंचाया।

ब्रूक 116 गेंदों में 10 चौकों और 21 छक्कों के साथ 202 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विल जैक्स ने 30 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 66 रन की नाबाद पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से दुनिथ वेल्लालगे ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि असिथा फर्नांडो और जनिथ लियानागे ने 1-1 विकेट चटकाया।

ऐसा 8वीं बार है, जब इंग्लैंड ने वनडे इतिहास में 400 रनों के आंकड़े को छुआ। भारत ने अब तक सर्वाधिक 9 बार ऐसा किया है, जबकि साउथ अफ्रीका 8 बार ऐसा कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 3 बार वनडे क्रिकेट में इस आंकड़े को छुआ है।

IANS

इंग्लैंड बनाम श्रीलंका: हैरी ब्रूक ने जड़ा वनडे इतिहास का सबसे तेज ‘दोहरा शतक’, सिर्फ 114 गेंदों में रचा इतिहास

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!