उत्तराखंड: हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में 6 लोगों की मौत, शवों के बारे में यह जानकारी आई सामने
प्रतीकात्मक फोटो
उत्तराखंड: हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में 6 लोगों की मौत, शवों के बारे में यह जानकारी आई सामने
देहरादून | उत्तराखंड के जोशीमठ स्थित चाई गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया. बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा एक हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ और भारतीय सेना की संयुक्त टीमों ने दुर्घटनास्थल से पायलट समेत सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए हैं. हादसे की सूचना मिलते ही इन टीमों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए युद्धस्तर पर बचाव एवं तलाशी अभियान शुरू कर दिया था.
पुलिस ने बताया कि एक निजी विमानन कंपनी द्वारा संचालित इस हेलीकॉप्टर के पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई है. वहीं दुर्घटना का शिकार हुए अन्य पांच यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है. सभी कर्नाटक के रहने वाले थे.
इससे पहले मीडियाकर्मियों से बात करते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया था कि ‘ट्रांस भारत एविएशन’ के एक हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद दोपहर करीब 1:14 बजे जोशीमठ के निकट विमान से संपर्क टूट गया था.
वही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अनुसार, जब हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से उड़ान भर रहा था, उसी दौरान उसका संपर्क टूट गया.था.
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों को तुरंत सक्रिय कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया था.”
यूकाडा के अनुसार, सुरक्षा और एहतियाती मानकों को ध्यान में रखते हुए मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के संपूर्ण विमान बेड़े की उड़ानों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है (ग्राउंड कर दिया गया है).
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राज्य में हाल के वर्षों में हुई कई हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की जांच की मांग की है. उन्होंने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया.
By IANS/Hindi Post Dot In
उत्तराखंड: जोशीमठ हेलीकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत 6 लोगों की मौत, शव बरामद
