तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनी तो लागू करेंगे …. : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
फोटो: आईएएनएस
तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनी तो लागू करेंगे …. : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
लखनऊ | उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है. इसी क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया. उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने 2027 में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया. कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने व्यक्तिगत नाराजगी छोड़कर संगठन की मजबूती में जुटने का आह्वान किया और कहा कि वे अपनी नाराजगी गोमती नदी में बहाकर जाएं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह समय-समय पर आकर कार्यकर्ताओं के कामकाज का हिसाब लेंगे. इसलिए सभी अपना बही-खाता दुरुस्त रखें.
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी की बयानबाजी का जवाब भाजपा 2027 में जीत के साथ देगी. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा लगातार हार रही है और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता से दूर है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि केंद्र में भी भाजपा अगले 30 वर्षों तक मजबूत स्थिति में बनी रहेगी.
गृह मंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों के लिए योगी सरकार की सराहना की. उन्होंने बताया कि राज्य में आए 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं. उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क यूपी में है और जेवर में सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन रहा है. इसके साथ ही उन्होंने सपा पर पूर्ववर्ती सरकारों में गरीबों के हक छीनने और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.
अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी. उन्होंने अनुच्छेद 370 को शांतिपूर्ण ढंग से हटाने का उदाहरण देते हुए पार्टी की संकल्पबद्धता दोहराई और दिसंबर 2029 तक पूरे देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य पर जोर दिया.
IANS/Hindi Post Dot In
तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनी तो लागू करेंगे यूसीसी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
