अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद राहुल गांधी ने ममता बनर्जी को लगाया फोन, कहा- ‘अगर जरूरत पड़ेगी तो…’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)
अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद राहुल गांधी ने ममता बनर्जी को लगाया फोन, कहा- ‘अगर जरूरत पड़ेगी तो…’
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इस बीच टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें फोन कर अभिषेक बनर्जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और हर संभव मदद का भरोसा दिया.
ममता बनर्जी ने कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “राहुल गांधी ने मुझे फोन किया और कहा कि अगर किसी भी चीज की जरूरत हो तो मैं उन्हें बता सकती हूं. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अभिषेक बनर्जी को इलाज के लिए हैदराबाद या कहीं और भी ले जाने की व्यवस्था कर सकते हैं.”
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर उन पर भीड़ ने हमला कर दिया. घटना के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया और टीएमसी तथा भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया.
इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें घटना से जुड़े वीडियो में कथित तौर पर देखा गया था. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
बेल व्यू क्लिनिक की ओर से जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार 30 मई 2026 को 38 वर्षीय अभिषेक बनर्जी की चिकित्सकीय जांच की गई. रिपोर्ट में बताया गया कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है और केवल सीने पर हल्की चोट के निशान पाए गए हैं.
डॉक्टरों के अनुसार जांच के दौरान अभिषेक पूरी तरह होश में थे, सतर्क थे और सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे. उनकी स्थिति स्थिर होने के कारण अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी. एहतियात के तौर पर उन्हें नॉर्मल सलाइन, रिंगर्स लैक्टेट और दर्द निवारक दवाएं दी गईं.
