अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई; रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद दबोचे गए 6 आरोपी, पुलिस ने बताया कौन हैं ये ?

abhishek banerji 4

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई; रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद दबोचे गए 6 आरोपी, पुलिस ने बताया कौन हैं ये ?

 

कोलकाता कोलकाता | पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है.

चुनाव के बाद हिंसा में मारे गए एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने के लिए अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया. उन्हें मृतक कार्यकर्ता के घर तक पैदल जाते समय विरोध का सामना करना पड़ा. प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उनके काफिले पर अंडे व ईंट के टुकड़े फेंके और नारे लगाए. कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद उन्हें मुक्का मारने की कोशिश भी की.

घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, सोनारपुर थाने की टीम ने रातभर इलाके में सर्च अभियान चलाया. हमले से जुड़े वीडियो फुटेज की भी जांच की गई.

प्रारंभिक जांच में वीडियो फुटेज के आधार पर छह लोगों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपी स्थानीय निवासी हैं और घटना के समय मौके पर मौजूद थे.

पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल था. इलाके में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है.

पुलिस ने कहा, “शनिवार रात में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. रविवार सुबह तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मामले की जांच जारी है.”

घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा में अभिषेक बनर्जी को इलाके से बाहर निकाला गया और सबसे पहले कोलकाता के ईएम बाइपास पर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया.

हालांकि, प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं है. इसके बाद उन्हें मिंटो पार्क के पास स्थित दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने यही राय दी कि भर्ती होने की आवश्यकता नहीं है. इस दौरान ममता बनर्जी भी अस्पताल में अभिषेक के साथ मौजूद थीं.

ममता बनर्जी ने इस घटना को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “फिलहाल इलाज घर पर ही किया जाएगा. जितनी जरूरत होगी, सलाइन और ऑक्सीजन घर पर ही दी जाएगी. यदि आवश्यकता पड़ी तो अभिषेक को इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया जाएगा.”

आईएएनएस

अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में छह गिरफ्तार, पुलिस ने रातभर चलाया सर्च अभियान

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!