भयावह : बेकाबू ट्रक ने 23 गाड़ियों को रौंदा, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 30 घायल

fujairah_accident_AI_IMAGE_50kb

AI GENERATED IMAGE

The Hindi Post

भयावह : बेकाबू ट्रक ने 23 गाड़ियों को रौंदा, 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 30 घायल

 

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह स्थित शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए.

यूएई के आंतरिक मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार आधी रात से ठीक पहले फुजैराह के प्रवेश द्वार के पास हुई. एक ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद ट्रक पहले एक अन्य गाड़ी से टकराया और फिर पलट गया. इसके बाद अनियंत्रित ट्रक धीमे ट्रैफिक के कारण रुकी हुई कई गाड़ियों से जा भिड़ा. इस जोरदार टक्कर से ट्रक में आग लग गई जिसने देखते ही देखते कई अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया.

सूचना मिलते ही विशेष पुलिस दल, एंबुलेंस, बचाव दल और सिविल डिफेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. फुजैराह पुलिस ने बताया कि 30 घायलों में से 15 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष 15 का इलाज जारी है.

मृतकों में अमीराती, ओमानी, भारतीय, ब्राजीलियाई, पाकिस्तानी, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं. शवों की पहचान के लिए DNA टेस्टिंग की मदद ली जा रही है. फुजैराह पुलिस ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मृतकों में भारतीय नागरिकों के शामिल होने की पुष्टि की है. दूतावास ने कहा, “फुजैराह में हुए दुखद सड़क हादसे से गहरा दुख हुआ है जिसमें भारतीय नागरिकों सहित कई लोगों की जान चली गई. वाणिज्य दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से संपर्क किया है और हर मुमकिन मदद करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.”

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!