राहुल गांधी और स्टालिन की गर्मजोशी भरी मुलाकात ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी, बंद कमरे में एक घंटे तक हुई चर्चा
डिलिमिटेशन को लेकर चल रहे सियायी रार के बीच चेन्नई से जो तस्वीर सामने आई है उससे बीजेपी बेचैन हो सकती है। दरअसल, चेन्नई में आज कांग्रेस के बड़े नेताओं और इंडिया गठबंधन के अन्य सदस्यों की डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी और एमके स्टालिन ने गले मिलकर हाथ मिलाया। दोनों नेताओं के इस गर्मजोशी भरे मिलन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बता दें कि कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता स्टालिन के घर पहुंचे। बैठक करीब एक घंटे तक चली। बैठक में मुख्य रूप से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल (लोकसभा सीटों के नए बंटवारे) पर चर्चा होने की बात कही जा रही है।
बैठक का मकसद क्या था?
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चाहते हैं कि डीएमके अपना रुख बदले। फिलहाल डीएमके केंद्र के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि अगर सीटों का नया बंटवारा मौजूदा आबादी के आधार पर हुआ, तो दक्षिण भारत के राज्यों की लोकसभा सीटें कम हो जाएंगी। इससे इन राज्यों की राजनीतिक ताकत घट जाएगी।
यहां बता दें कि स्टालिन और डीएमके लंबे समय से यह बात कह रहे हैं कि आबादी के आधार पर सीटें बांटने से उन राज्यों को नुकसान होगा जिन्होंने परिवार नियोजन में अच्छा काम किया है। तमिलनाडु समेत दक्षिणी राज्य इसी को लेकर टेंशन में है। यही कारण है कि कांग्रेस चाहती है डीएमके डिलिमिटेशन को सपोर्ट न करे और अपने फैसले पर विचार करे।
बैठक में क्या हुआ?
बता दें कि इंडिया गठबंधन के नजरिये से यह बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अगर इस बैठक के बाद डीएमके अपना रुख बदल देती है और कांग्रेस के साथ मिलकर परिसीमन बिल का विरोध करती है, तो केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ेगा। दूसरी तरफ अगर स्टालिन अपने फैसले पर अड़े रहे, तो गठबंधन में दरार पड़ने की संभावना भी बन सकती है। हालांकि अभी तक बैठक में क्या हुआ और डीएमके ने क्या फैसला लिया है, इस पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि डीएमके क्या फैसला लेती है।
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















