Saturday, 28 November 2026
बड़ी खबरें

परिसीमन बिल और चुनावी प्रक्रिया पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया अपना रुख

The Hindi Post

परिसीमन बिल और चुनावी प्रक्रिया पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया अपना रुख

 

नई दिल्ली | लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को चुनावी ‘वोट चोरी’ के आरोपों को और तेज करते हुए दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त भारत का ‘चुनावी नक्शा बदलने’ की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को भाजपा के राजनीतिक हितों को साधने का प्रयास बताया.

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली लगातार तीसरी एनडीए सरकार के 2024 के लोकसभा जनादेश को ‘अवैध’ करार दिया. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कथित आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने 2024 में मतदान करने वाले 14 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए हैं. उन्होंने बिहार व पश्चिम बंगाल में नाम काटे जाने, कर्नाटक व हरियाणा में कथित फर्जी मतदान और जम्मू-कश्मीर व असम में सीटों के पुनर्गठन के पीछे भी गलत मंशा होने के अपने आरोप दोहराए.

परिसीमन के बाद लोकसभा की संभावित 850 सीटों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “उनका मानना है कि लोकसभा में 543 सदस्यों की जगह 850 सदस्य होने चाहिए और इसके लिए वे महिला आरक्षण का बहाना बना रहे हैं. महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है. इसे कल से लागू किया जा सकता है.”

गौरतलब है कि सितंबर 2023 में संसद से पारित और राष्ट्रपति की मंजूरी प्राप्त नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106वां संविधान संशोधन अधिनियम) के तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण (जिसमें एससी-एसटी सीटों में एक-तिहाई आरक्षण शामिल है) का प्रावधान है. हालांकि, इसे आगामी जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया है. सरकार और भाजपा नेताओं का तर्क है कि महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने और विधायिकाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए परिसीमन व सीटों के पुनर्गठन से जुड़े विधायी कदम जरूरी हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों का प्रतिनिधित्व घटने की चिंताओं से जुड़े सीधे सवाल का स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया. इसके बजाय उन्होंने अपने सर्वेक्षण का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत के 80 प्रतिशत लोगों और लगभग 100 प्रतिशत जेन-जी का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव चोरी करते हैं. हालांकि, उन्होंने इस सर्वेक्षण की पद्धति या आंकड़ों का ब्योरा साझा नहीं किया. जेन-जी की भागीदारी पर उन्होंने संकेत दिया कि उनका संदेश भाजपा के खिलाफ खड़े होने का साहस रखने वाले हर व्यक्ति के लिए है.

सोमवार को संसद में प्रस्तावित विधेयक को गैर-एनडीए दलों के संभावित समर्थन पर राहुल गांधी ने कहा, “यह बहुत स्पष्ट हो जाएगा कि कौन इस तरफ है, कौन लोकतंत्र की रक्षा कर रहा है और कौन नहीं.” उन्होंने एनडीए के घटक दलों से भी भारत और लोकतंत्र के हितों पर विचार करने की अपील की. वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) द्वारा विधेयक के पक्ष में मतदान करने की संभावित स्थिति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन में उसकी भूमिका पहले जैसी ही बनी रहेगी.

 

IANS

परिसीमन विधेयक को लेकर राहुल गांधी ने फिर लगाए चुनावी हेरफेर के आरोप

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!