दहेज में थार मांगना दूल्हे पक्ष को पड़ा भारी, लड़की के पिता ने प्लास्टिक की गाड़ी पकड़ाकर रद्द की शादी
यूपी के मेरठ से एक अनोखा मामला सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निकाह से पहले दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के परिजनों से दहेज में थार गाड़ी की मांग की थी. इस पर वधू पक्ष ने कड़ा कदम उठाते हुए लड़के वालों को प्लास्टिक की खिलौना थार पकड़ा दी और रिश्ता तोड़ दिया.
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव का है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में लड़की के पिता लड़के के पिता को खिलौने वाली थार देते हुए दिख रहे हैं. वह कहते है, “तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें कार की जरूरत थी. हमने तुम्हें यह गाड़ी दे दी है, इसे चलाना. तुम अपने घर, हम अपने घर.”
5 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता 5 महीने पहले भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव के एक युवक से तय किया था. वधू पक्ष का दावा है कि सगाई के समय उन्होंने सामर्थ्य के अनुसार सामान और 1 लाख रुपये नकद भी दिए थे. बताया जा रहा है कि लड़की के पिता ने करीब एक महीने पहले अपनी जमीन बेची थी. आरोप है कि जमीन बिकने की जानकारी मिलते ही लड़के वालों ने दहेज में थार की मांग कर डाली. लड़की के पिता ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन दूल्हा पक्ष कथित तौर पर अपनी मांग पर अड़ा रहा.
उत्तर प्रदेश-
मेरठ में दूल्हे ने शादी से पहले ही थार मांगी। आधा दर्जन लोग शादी की पीली चिट्ठी के साथ थार की मांग को लेकर दुल्हन के घर गए थे। पूरी रात दुल्हन के घरवालों ने दूल्हे के परिजनों की खातिर की और सुबह थार देने का वायदा किया। सुबह होते ही एक खिलौना थार का इंतजाम किया गया और कैमरे के सामने दूल्हे वालों को खिलौना थार थमा दी।
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) November 29, 2026
रस्म के बहाने बुलाकर सिखाया सबक
आरोप है कि जब लड़के वाले नहीं माने तो शनिवार को लड़की के पिता ने उन्हें ‘लालखत’ की रस्म के बहाने अपने घर बुलाया. वीडियो में लड़की के पिता यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि लड़के वाले सुबह ही आ गए थे और रात 10 बजे तक थार के इंतजार में बैठे रहे. इसके बाद सबके सामने उन्हें प्लास्टिक की खिलौना थार थमाकर निकाह से इनकार कर दिया गया और सगाई तोड़ दी गई.
वधू पक्ष की ओर से बनाया गया इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है लेकिन हिंदी दोस्त डॉट इन इसकी पुष्टि नहीं करता है. इंटरनेट पर लोग लड़की के पिता के इस साहसिक कदम की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे दहेज लोभियों के लिए एक बड़ा सबक बता रहे हैं.



















