डीएमके अध्यक्ष स्टालिन को मनाने पूरी फौज लेकर पहुंच रही कांग्रेस, ममता भी जा रही
नई दिल्ली | संसद में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने ‘इंडिया’ ब्लॉक के नाराज सहयोगियों को मनाने की कोशिशें तेज कर दी हैं. इसी क्रम में कांग्रेस आलाकमान और अन्य विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता रविवार को द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष एमके स्टालिन तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे. सोमवार को संसद के विशेष सत्र से पहले हो रही इस बैठक में इन दोनों दलों को केंद्र के प्रस्ताव का समर्थन न करने के लिए राजी करने का प्रयास किया जाएगा.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और तृणमूल कांग्रेस (एआईटीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी रविवार को चेन्नई पहुंचेंगी. वहां दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे के बीच उनकी एमके स्टालिन से मुलाकात प्रस्तावित है. इसके बाद विपक्षी नेता रात करीब 8 बजे मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे रात 9 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मिल सकते हैं.
यह राजनीतिक कवायद ऐसे समय हो रही है, जब केंद्र की भाजपा नीत सरकार संसद के विशेष सत्र में ‘संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश करने जा रही है. इस विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने, सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि करने और 2051 तक परिसीमन प्रक्रिया को फ्रीज करने का प्रावधान है.
गौरतलब है कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ ब्लॉक के कुछ अन्य दल इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, जबकि सहयोगी दलों में मतभेद उभर आए हैं. डीएमके ने अपनी मांगें स्वीकार किए जाने का हवाला देते हुए सरकार के इस विधेयक को समर्थन देने का ऐलान किया है. वहीं, एनसीपी-एसपी में असमंजस की स्थिति बनी हुई है; पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने विधेयक के समर्थन की घोषणा की थी, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बाद में स्पष्ट किया कि इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है.
By IANS
परिसीमन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस की नाराज दलों को मनाने की कोशिश तेज, एमके स्टालिन और शरद पवार से मिलेंगे राहुल-खड़गे



















