अखिलेश यादव की किस चुनौती को सीएम योगी ने किया स्वीकार ? कहा- “मैं आपको ऑफर करता हूं…”

YOGI 10 OCT

फोटो क्रेडिट/ आईएएनएस

The Hindi Post

अखिलेश यादव की किस चुनौती को सीएम योगी ने किया स्वीकार ? कहा- “मैं आपको ऑफर करता हूं…”

 

लखनऊ |  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलरामपुर में विकास परियोजनाओं के बहाने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि वह भी वहां से चुनाव लड़कर अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश के इस क्षेत्र में पहचान का संकट, तस्करी और अपराधियों की अराजकता थी, जबकि अब विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।

सीएम योगी ने बलरामपुर में 803 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एक वोट ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जो वोट पहले पहचान के संकट और तस्करी से जोड़कर देखा जाता था, वहीं आज क्षेत्र की तरक्की और बदलाव का आधार बन रहा है। उनके मुताबिक, बलरामपुर जैसे आकांक्षात्मक जनपद को संभावनाओं वाले जिले के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या को लेकर की गई राजनीतिक टिप्पणियों का जवाब दिया। सीएम योगी ने कहा, “मुझसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें। अरे अखिलेश! अयोध्या हमारा पावन धाम है। मैं वहां इसलिए जाता हूं, ताकि अयोध्या के विकास में कोई कोताही न हो और उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे।”

उन्होंने पिछली सपा सरकार पर अयोध्या में बिजली और स्वच्छता की स्थिति को लेकर भी आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस अयोध्या में पहले कुछ घंटे ही बिजली मिलने का दावा किया जाता था और जहां गंदगी का अंबार था, वहीं आज रामराज्य की अवधारणा का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करा रही है।

सीएम योगी ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा, “मैं आपको ऑफर करता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लिया जाए।” उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुकाबला सीधे होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि लड़ाई चेलों से क्यों हो, मुकाबला सामने होना चाहिए। उन्होंने सपा नेताओं पर माफिया के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता पहले भी ऐसे लोगों को जवाब दे चुकी है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर माफिया पैर रख देता था, उस पर कब्जा हो जाता था। व्यापारियों को फोन करके धमकाया जाता था और उनकी संपत्तियों पर कब्जे किए जाते थे।

सीएम योगी ने कहा कि उस समय बलरामपुर की सड़कें भी बेहद खराब थीं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था और विकास को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में हो रहे बदलाव को विकास परियोजनाओं और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से देखा जा सकता है। विकास परियोजनाओं के जरिए बदलाव का दावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाकर उन जिलों को नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें पहले पिछड़ेपन और सीमित सुविधाओं के कारण जाना जाता था।

उन्होंने बलरामपुर में 78 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को इसी दिशा में उठाया गया कदम बताया। सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास को गांवों और आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र में बदलाव का श्रेय जनता के समर्थन और सरकार की नीतियों को देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपराध और अराजकता के बजाय विकास तथा संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

BY IANS

‘मैं तैयार, आप भी अयोध्या से लड़िए चुनाव’, सीएम योगी को अखिलेश यादव का चैलेंज स्वीकार


The Hindi Post
error: Content is protected !!