लखनऊ KGMU में जूनियर्स की रैगिंग करना पड़ा भारी, प्रशासन ने 38 MBBS छात्रों को दी यह कड़ी सजा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 38 एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है. दोषी पाए गए छात्रों में 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं. इन सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. इसके अलावा, अगले एक साल तक विश्वविद्यालय की ओर से इनकी छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) के लिए कोई संस्तुति नहीं की जाएगी.
दरअसल, 16 नवंबर को सोशल मीडिया पर KGMU का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर्स को ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहते नजर आ रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एंटी रैगिंग कमेटी और चीफ प्रॉक्टर को जांच सौंपी थी. जांच में सामने आया कि मामला केवल अभिवादन कराने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें रैगिंग की अन्य गतिविधियां भी शामिल थीं. इसमें 2026 बैच के दो छात्रों की भूमिका सीनियर्स का सहयोग करने में पाई गई.
कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर की गई इस अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबित छात्र तीन महीने तक कक्षाओं में शामिल नहीं हो सकेंगे. उन्हें हॉस्टल से निष्कासित करने के साथ ही इस पूरी अवधि के दौरान कैंपस से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है.
KGMU के प्रवक्ता केके सिंह ने कहा कि एंटी रैगिंग कमेटी और चीफ प्रॉक्टर की निष्पक्ष जांच के बाद यह कदम उठाया गया है. उन्होंने कहा कि कुलपति का स्पष्ट निर्देश है कि विश्वविद्यालय में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्रवाई के आड़े किसी भी छात्र की पारिवारिक, सामाजिक, जातीय या धार्मिक पृष्ठभूमि नहीं आएगी.
हिंदी पोस्ट डॉट इन



















