Saturday, 28 November 2026
राज्य

ममता बनर्जी की TMC से टूटकर अलग हुए 20 सांसदों का परिसीमन विधेयक पर क्या है रुख? काकोली घोष ने कर दिया साफ

The Hindi Post

ममता बनर्जी की TMC से टूटकर अलग हुए 20 सांसदों का परिसीमन विधेयक पर क्या है रुख? काकोली घोष ने कर दिया साफ

 

संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक पर नंबर गेम दिलचस्प होता जा रहा है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए 20 सांसदों ने इस बिल को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. NCPI सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने स्पष्ट किया है कि देश हित और राष्ट्र निर्माण को ध्यान में रखते हुए उनकी पार्टी इस विधेयक के साथ खड़ी है.

कोलकाता में मीडिया से बात करते हुए काकोली घोष दस्तीदार ने कहा, “हम परिसीमन प्रक्रिया से जुड़े विधेयक का भी समर्थन करते हैं क्योंकि यह देश और राष्ट्र निर्माण के हित में है. हम डीएमके के रुख का समर्थन करते हैं.” उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि NCPI में शामिल हुए इन 20 सांसदों का समर्थन संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार की रणनीति पर सीधा असर डाल सकता है.

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की हार के बाद इसी साल जून में पार्टी के 20 सांसदों ने अलग होकर NCPI के साथ जाने की घोषणा की थी. इस गुट का नेतृत्व वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और काकोली घोष दस्तीदार कर रहे हैं. इन सांसदों ने दावा किया था कि TMC के संसदीय दल का NCPI में विलय हो गया है.

दूसरी ओर, TMC ने उनके इस कदम को दल-बदल करार देते हुए संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के समक्ष इन 20 सांसदों को अयोग्य घोषित करने की याचिका भी दाखिल की है. बागी सांसदों ने जहां अपने फैसले को संसदीय दल के विलय से जोड़कर जायज ठहराया है, वहीं उनकी सदस्यता पर लोकसभा अध्यक्ष की ओर से अभी अंतिम फैसला आना बाकी है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!