परिसीमन बिल को लेकर शरद पवार पर भड़की कांग्रेस, याद दिलाया पुराना एहसान
परिसीमन बिल के मुद्दे पर शरद पवार की पार्टी ने केंद्र की बीजेपी सरकार का समर्थन किया है. उनके इस फैसले से महाराष्ट्र कांग्रेस नाराज है. सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार और सुप्रिया सुले पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने उन्हें याद दिलाया कि इस साल की शुरुआत में 85 साल के शरद पवार को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस ने अपनी एक सीट छोड़ दी थी.
पार्टी की तरफ से पोस्ट शेयर करते हुए कहा गया, “कांग्रेस पार्टी 85 साल की उम्र में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक उनके साथ मजबूती से खड़ी रही. महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए मार्च 2026 में चुनाव होने थे. नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे. चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 36 वोटों की जरूरत थी. कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक थे.”
जिनके लिए कांग्रेस ने सीट छोटी वही बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं
कांग्रेस पार्टी ने उस सीट पर अपना दावा छोड़ने का फैसला किया था. लेकिन, पार्टी का कहना है कि अब वही शरद पवार, बीजेपी द्वारा लाए गए परिसीमन विधेयक का समर्थन कर रहे हैं.
पोस्ट में कहा गया है, “सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था. राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दे दी. कांग्रेस ने अपनी सीट पर अपना दावा छोड़ दिया और शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया. इसके बाद शिवसेना (यूबीटी) ने भी उनका समर्थन किया, और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी. और अब क्या? परिसीमन बिल के संदर्भ में, वही शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अब बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं.”
सरकार अगले हफ्ते संसद के विशेष सत्र में यह बिल लाने की तैयारी कर रही है. अप्रैल में विपक्ष की एकजुटता के कारण यह बिल पास नहीं हो पाया था.
इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि वह संसद की विशेष बैठक में विपक्ष की रणनीति पर चर्चा के लिए शनिवार को बुलाई गई इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की बैठक में शामिल नहीं होंगी, क्योंकि उनके पिता शरद पवार अस्वस्थ हैं. बारामती से लोकसभा सदस्य सुले ने कहा कि पवार के अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह सप्ताहांत में मुंबई में ही रहेंगी.



















