दिल्ली प्रदर्शन: सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, अजिंक्य शिंदे रिहा

SAURABH DAS AND ASHUTOSH RANKA

फोटो क्रेडिट/ आईएएनएस

The Hindi Post

दिल्ली प्रदर्शन: सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, अजिंक्य शिंदे रिहा

 

नई दिल्ली । दिल्ली की एक अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. साथ ही अजिंक्य शिंदे को निजी बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया है.

दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए सौरभ और आशुतोष को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.

सीजेपी के कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि सौरव और आशुतोष को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. अजिंक्य को निजी बॉन्ड पर रिहा किया गया है. इसके साथ ही, रत्ना सिंह ने सरकार को ‘कायर’ बताया.

रिहा होने के बाद सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने कहा, “सौरभ दास और आशुतोष रांका के अलावा सीजेपी के समर्थक, हम सभी जंतर-मंतर की ओर गए थे. हमने सिर्फ भारत का झंडा लहराया और ‘भारत माता की जय’ बोला. इसके लिए सौरभ और आशुतोष को 5 दिन के लिए जेल में भेज दिया गया है. आज आशुतोष का जन्मदिन था. इस दिन झंडा लहराया और ‘भारत माता की जय’ बोलने के लिए उन्हें जेल में भेज दिया है.”

शिंदे ने कहा, “इस सरकार ने अपने सिस्टम और अधिकारों का गलत इस्तेमाल करते हुए देश की जनता के अधिकारों को खत्म करने की कोशिश की है. मेरा सभी से यह कहना है कि हम सभी को साथ आकर इस सरकार का अंत करना होगा.”

वकील अभिष्ट हेला ने मीडिया से कहा, “पुलिस के इस शक के आधार पर कि वे कोई अपराध कर सकते हैं, उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने कोर्ट में झूठ बोला कि उन्होंने लोगों को वहां आने के लिए कहा था. उन्होंने ऐसा कोई आह्वान नहीं किया था. उन्होंने बॉन्ड का उल्लंघन नहीं किया है. कनॉट प्लेस वाली अलग शिकायत का यहां गलत इस्तेमाल किया गया है और उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.”

उधर, सौरव और आशुतोष को न्यायिक हिरासत में भेजने पर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार पर हमला बोला है. पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने के कारण सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. यह तानाशाही है.”

By IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!