‘पहले से शादीशुदा है, पैसे मांगे तो धर्म बदलने को कहा’: थाई महिला ने कानपुर के शख्स पर लगाया धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप

thai woman accuses kanpur man of cheating with her (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

‘पहले से शादीशुदा है, पैसे मांगे तो धर्म बदलने को कहा’: थाई महिला ने कानपुर के शख्स पर लगाया धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप

 

कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर में थाईलैंड की एक युवती से सोशल मीडिया पर दोस्ती, शादी के नाम पर करीब 60 लाख रुपए की ठगी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर कानपुर के थाना अनवरगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नामजद आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को थाईलैंड की महिला नागरिक ने कानपुर पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई. पीड़िता का आरोप है कि इरफान नाम के व्यक्ति से उसकी बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी. उन्होंने कहा कि इरफान ने अपनी पहली शादी की बात छिपाते हुए झूठे तथ्यों के आधार पर थाईलैंड में उससे शादी की और पिछले दो वर्षों के दौरान करीब 60 लाख रुपए ऐंठ लिए.

युवती का कहना है कि आरोपी ने पहले दावा किया था कि वह अपनी पत्नी को तलाक दे चुका है. युवती ने कहा कि जब वह सोमवार को बिना बताए कानपुर स्थित उसके (आरोपी) घर पहुंची, तो उसे पता चला कि इरफान की शादी को 14 साल हो चुके हैं और उसके तीन बच्चे भी हैं. पीड़िता ने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने आने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पैसे लौटाने के बदले धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा.

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल, अतुल श्रीवास्तव ने अपने बयान में कहा, “दिनांक 06.10.2026 को थाईलैंड की एक महिला नागरिक थाना अनवरगंज क्षेत्र में आईं और एक व्यक्ति पर सोशल मीडिया के माध्यम से मित्रता कर विवाह का झांसा देकर लगभग ₹60 लाख लेने तथा बाद में संपर्क समाप्त करने का आरोप लगाया. महिला द्वारा मारपीट एवं धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं. महिला की शिकायत के आधार पर थाना अनवरगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा महिला द्वारा बताए गए धनराशि संबंधी तथ्यों का भी परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है.”

IANS

थाईलैंड की युवती से 60 लाख की ठगी, धर्म परिवर्तन का दबाव, कानपुर का इरफान निकला शादीशुदा

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!