X प्लेटफॉर्म पर अश्लील कंटेंट का मामला, 600 एकाउंट्स डिलीट, 3,500……

Elon Musk (1)

एलन मस्क (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

नई दिल्ली | एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी एक्स कॉर्प (X Corp) ने स्वीकार किया है कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीरें मौजूद है. इनमें से अधिकांश तस्वीरें उसके एआई चैटबॉट ग्रो्क (Grok) द्वारा जनरेट की गई थी. कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह भारतीय कानूनों का पालन करेगी और ऐसे सभी कंटेंट को हटाएगी.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, X ने अब तक लगभग 3,500 आपत्तिजनक पोस्ट ब्लॉक की हैं और इस मामले में 600 से अधिक अकाउंट्स डिलीट किए गए हैं. सूत्रों ने यह भी बताया कि अब से X पर किसी भी प्रकार की अश्लील इमेजरी को अनुमति नहीं दी जाएगी.

इससे पहले, सरकार द्वारा जारी नोटिस के जवाब में X Corp ने लिखित स्पष्टीकरण दिया था. यह नोटिस कंपनी को उसके एआई टूल ग्रोक द्वारा “गैर-सहमति आधारित यौन कंटेंट” (non-consensual sexual content) जनरेट किए जाने के मामलों को लेकर भेजा गया था.

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने X Corp पर सख्ती दिखाते हुए कहा था कि प्लेटफॉर्म अश्लील, नग्न और आपत्तिजनक कंटेंट के प्रसार को रोकने में विफल रहा है. मंत्रालय ने कंपनी को 72 घंटे के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) जमा करने का निर्देश दिया था ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि AI आधारित सेवाओं के दुरुपयोग से ऐसे कंटेंट का निर्माण, प्रकाशन और प्रसारण रोका जा सके.

सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि अगर निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आईटी एक्ट, आईटी रूल्स, बीएनएसएस, बीएनएस और अन्य संबंधित कानूनों के तहत प्लेटफॉर्म, उसके जिम्मेदार अधिकारियों और नियम तोड़ने वाले यूजर्स के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

मंत्रालय ने X को निर्देश दिया कि वह ग्रोक के तकनीकी ढांचे और गवर्नेंस सिस्टम की व्यापक समीक्षा करे ताकि अवैध कंटेंट जनरेट न हो सके. साथ ही, उल्लंघन करने वाले यूजर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अकाउंट सस्पेंड या टर्मिनेट करने और आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं.

X Corp ने कहा कि वह लगातार अवैध कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है जिसमें चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल (CSAM) भी शामिल है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय सरकारों व कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करता रहेगा.

एलन मस्क ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “जो भी व्यक्ति ग्रोक का इस्तेमाल कर अवैध कंटेंट बनाएगा उसे वही परिणाम भुगतने होंगे जैसे कोई खुद अवैध कंटेंट अपलोड करता है.”

IANS/HINDI POST DOT IN

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!