कद 42 इंच, हौसला आसमान छूता हुआ: मतदान केंद्र पर वाइस प्रिंसिपल की लोकतांत्रिक निष्ठा देख लोगों ने किया सलाम
कद 42 इंच, हौसला आसमान छूता हुआ: मतदान केंद्र पर वाइस प्रिंसिपल की लोकतांत्रिक निष्ठा देख लोगों ने किया सलाम
दरभंगा (बिहार) शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान बेगूसराय में 42 इंच लंबे प्रोफेसर गौतम कुमार का मतदान के प्रति उत्साह और लोकतांत्रिक समर्पण चर्चा का मुख्य केंद्र बना रहा. दिनकर कला भवन स्थित मतदान केंद्र पर जब टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल प्रोफेसर गौतम कुमार वोट डालने पहुंचे तो उनके छोटे कद और मतदान के प्रति उनके उत्साह ने सभी का ध्यान खींच लिया.
मताधिकार का प्रयोग करने के बाद प्रोफेसर गौतम कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी शैक्षिक प्रशासन और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए सदन में एक सशक्त प्रतिनिधि का पहुंचना बेहद जरूरी है. उन्होंने शिक्षा के बदलते परिवेश को ध्यान में रखकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, बेगूसराय में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 55 प्रतिशत, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया. सभी 49 केंद्रों (स्नातक के 29 और शिक्षक के 20) पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
