इस भारतीय क्रिकेटर ने क्रिकेट के सभी फॉरमेट से संन्यास का किया ऐलान, वजह ने जीता लोगों का दिल

Story By IANS
The Hindi Post

इस भारतीय क्रिकेटर ने क्रिकेट के सभी फॉरमेट से सन्यास का किया ऐलान, वजह ने जीता लोगों का दिल

 

 

नई दिल्ली | दिग्गज स्पिनर अमित मिश्रा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट, आईपीएल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. 42 साल के मिश्रा ने गुरुवार को एक प्रेस रिलीज के माध्यम से संन्यास की घोषणा की.

अमित मिश्रा ने अपने रिटायरमेंट की जो वजह बताई है उसे जानकर आप भी उनकी तारीफ करेंगे. अमित ने कहा कि यह निर्णय मुख्य रूप से बार-बार चोट लगने और इस विश्वास पर आधारित है कि युवा पीढ़ी को बड़े मंच पर चमकने का अवसर दिया जाना चाहिए.

अमित ने कहा, “क्रिकेट में मेरे जीवन के ये 25 साल यादगार रहे हैं. मैं बीसीसीआई, प्रशासन, हरियाणा क्रिकेट संघ, सहयोगी स्टाफ, अपने साथियों और अपने परिवार के सदस्यों का तहे दिल से आभारी हूं जो इस दौरान मेरे साथ रहे.”

मिश्रा ने लिखा, “मैं प्रशंसकों का भी आभारी हूं जिन्होंने मुझे प्यार और समर्थन दिया. क्रिकेट ने मुझे अनगिनत यादें दी हैं. मैं उन सभी को संजोकर रखूंगा.”

भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा की फाइल फोटो / (आईएएनएस)

हरियाणा की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अमित मिश्रा ने 2003 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया था. 2008 में टेस्ट और 2010 में टी20 में उन्होंने डेब्यू किया था. 2017 के बाद से उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला.

अमित मिश्रा एक बेहतरीन लेग स्पिनर रहे हैं. 2003 से लेकर 2017 के बीच उन्होंने 22 टेस्ट में 76, 36 वनडे में 64 और 10 टी20 में 16 विकेट लिए.

मिश्रा निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी थे. टेस्ट में उनके नाम 4 अर्धशतक हैं. टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर 84 है.

अमित मिश्रा का आईपीएल करियर भी लंबा रहा है. 2008 से 2024 के बीच 162 मैचों में उन्होंने 174 विकेट लिए. आईपीएल में वह दिल्ली डेयरडेविल्स, डेक्कन चार्जर्स , सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली कैपिटल्स और एलएसजी के लिए खेल चुके हैं. पिछले दो साल से आईपीएल का हिस्सा रहते भी उन्हें न के बराबर मौके मिले.

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास के बाद अमित मिश्रा दुनिया की दूसरी लीग में खेलते नजर आ सकते हैं.

वहीं, भविष्य में वह बतौर कोच, कमेंटेटर भी दिख सकते हैं.

IANS


The Hindi Post
error: Content is protected !!