जमानत पर छूटे दुष्कर्म आरोपी ने पीड़िता के पिता को मार डाला

Dead Body Depositphotos_316440000_s-2019 (1)

सांकेतिक तस्वीर (फोटो: हिंदी पोस्ट)

The Hindi Post

हाथरस | उत्तर प्रदेश के हाथरस में जमानत पर छूटे दुष्कर्म के एक आरोपी ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला के पिता द्वारा छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराने के बाद आरोपी गौरव शर्मा 2018 में एक महीने के लिए जेल गया था। उसे स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी।

गांव के एक मंदिर के बाहर पीड़िता के परिवार और आरोपी के बीच सोमवार शाम को बहस हुई।

शर्मा ने पीड़िता के पिता पर गोली चला दी, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

हाथरस के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा, “जिस शख्स की मौत हुई है, उन्होंने गौरव शर्मा के खिलाफ जुलाई 2018 में छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया था। आरोपी जेल गया और एक महीने के बाद जमानत मिल गई। तब से दोनों परिवार एक-दूसरे के दुश्मन बन बैठे थे। मुख्य आरोपी की पत्नी और चाची एक गांव के मंदिर में प्रार्थना करने गई थीं जहां मृतक की दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। महिलाओं के बीच बहस होने लगी। आरोपी – गौरव शर्मा और दोनों के बीच बहस काफी बढ़ गई। इसके बाद गौरव ने गुस्से में आकर अपने परिवार के कुछ लड़कों को घटनास्थल पर बुलाया और पीड़िता के पिता को गोली मार दी।”

गौरव शर्मा के परिवार के एक व्यक्ति को अब तक इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

वीडियो क्लिप में पीड़िता को एक पुलिस स्टेशन के बाहर रोते हुए और न्याय की मांग करते हुए देखा गया है।

उसे वीडियो में कहते सुना गया, “कृपया मुझे न्याय दें .. कृपया मुझे न्याय दें। पहले, उसने मेरे साथ छेड़छाड़ की और अब उसने मेरे पिता को गोली मार दी। वह हमारे गांव आया था। वहां छह-सात लोग थे। मेरे पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसका नाम गौरव शर्मा हैं।”

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!