कीर स्टार्मर ने ब्रिटेन के पीएम पद से दिया इस्तीफा

Keir Starmer IANS (1)

कीर स्टार्मर ब्रिटेन के पीएम पद से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए (आईएएनएस)

The Hindi Post

लंदन | ब्रिटिश प्रधानमंत्री और सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा देने की बड़ी घोषणा की. 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर देश को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने साफ किया कि वह तब तक प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे जब तक कि आने वाले हफ्तों में लेबर पार्टी के नए नेता का चुनाव नहीं हो जाता.

‘देशहित मेरे लिए सर्वोपरि’

इस्तीफे की घोषणा करते हुए कीर स्टार्मर ने कहा, “मेरी पार्टी के भीतर यह सवाल उठ रहा था कि क्या अगले आम चुनाव में नेतृत्व करने के लिए मैं सबसे सही व्यक्ति हूं. मुझे अपनी संसदीय पार्टी का जवाब मिल चुका है और मैं इसे पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं. मेरे जीवन का हर फैसला उस देश को आगे रखने के लिए रहा है जिससे मैं प्यार करता हूं. यही वजह है कि मैं लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहा हूं. मैंने आज सुबह महामहिम राजा (किंग चार्ल्स) से बात कर उन्हें अपने इस फैसले की जानकारी दे दी है.”

ग़ौरतलब है कि जुलाई 2024 में लेबर पार्टी को 14 साल बाद ऐतिहासिक और प्रचंड बहुमत से जीत दिलाने वाले स्टार्मर हाल के दिनों में अपनी सरकार की नीतियों को लेकर चौतरफा आलोचनाओं का सामना कर रहे थे.

पार्टी की साख वापस लौटाने का दावा

अपनी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए स्टार्मर ने कहा कि उनका उद्देश्य ब्रिटेन को एक बेहतर और निष्पक्ष देश बनाना था जहां विशेषाधिकार प्राप्त कुछ लोगों के बजाय हर नागरिक को सम्मान और अवसर मिले. उन्होंने कहा, “सालों की निराशा और हताशा के बाद हमारे देश के इतिहास का एक पन्ना पलटा था. छह साल पहले जब मैंने लेबर पार्टी की कमान संभाली थी, तब यह राजनीतिक, वित्तीय और नैतिक रूप से पूरी तरह बिखर चुकी थी. मुझे बार-बार कहा गया कि हमारी पार्टी खत्म हो चुकी है लेकिन हमने यह साबित किया कि लोग गलत थे. हमने पार्टी से यहूदी-विरोध (Antisemitism) के जहर को उखाड़ फेंका और अर्थव्यवस्था, रक्षा व राष्ट्रीय सुरक्षा पर जनता का भरोसा बहाल किया.”

राजनीति में बदलाव अपरिहार्य

ब्रिटिश मीडिया ‘द ऑब्जर्वर’ की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्मर इस कड़वी हकीकत से रूबरू हो चुके थे कि अब उन्हें पार्टी के भीतर समर्थन हासिल नहीं है. रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के एक चर्चित बयान का हवाला देते हुए लिखा गया, “सच्चाई यह है कि हर कोई जानता है कि यह स्थिति अब ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं थी. राजनीति में कई बार बदलाव अपरिहार्य हो जाता है और जैसा कि कहा गया है— ‘जब झुंड आगे बढ़ता है, तो वह बढ़ ही जाता है’.”

एंडी बर्नहैम बन सकते हैं अगले प्रधानमंत्री

कीर स्टार्मर के इस कदम के बाद कयासों का बाजार गर्म है. माना जा रहा है कि अनुभवी नेता एंडी बर्नहैम (Andy Burnham) ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री के रूप में स्टार्मर की जगह ले सकते हैं. पिछले हफ्ते मेकरफील्ड उपचुनाव में मिली शानदार जीत के बाद लेबर पार्टी के सांसदों के बीच बर्नहैम के नाम को लेकर समर्थन तेजी से बढ़ा है.

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!