VIDEO: शराब से भरे वाहन को छोड़कर चालक हुआ फरार, शराब लूटने की मच गई होड़

loot for liquor in Bihar
The Hindi Post

गोपालगंज (बिहार) | बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सख्ती के बाद शहर से लेकर गांवों तक शराब को लेकर छापेमारी की जा रही है। लेकिन एक वीडियो शराबबंदी वाले राज्य बिहार के गोपालगंज में वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक बोलेरो गाडी से शराब की बोतलें लूटते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो उचकागांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर शराब लूटकर ले जाने वालों को पकड़ने में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, एक बोलेरो गाड़ी में शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर अन्यत्र जा रहे थे कि महैचा बाजार के समीप बोलेरो ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में साइकिल सवार गिरकर घायल हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से आक्रोशित लोग बोलेरो की ओर दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ को देख चालक वाहन को छोड़कर जान बचाकर भाग खड़ा हुआ। लोगों ने जब वाहन के दरवाजे खोले, तब उसमें कार्टन में भरी शराब की बोतलें दिखाई दीं। इसके बाद भीड़ बोलेरो पर टूट पड़ी और शराब की बोतल लूटने की होड़ मच गई।

कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो में लोग शराब की बोतले लूट कर जाते स्पष्ट दिख रहे हैं। देखते ही देखते कुछ ही कुछ ही मिनटों में शराब की बोतलों से भरी बोलेरो खाली हो गई।

घटना की सूचना पाते ही थाना प्रभारी अब्दुल मजीद घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले ही लोग शराब की बोतले लेकर भाग गए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

इधर, हथुआ के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीआ) नरेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बोलेरो से शराब लूटने के मामले में वायरल वीडियो के जरिए लोगों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस ने शराब लूटने वाले आठ लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए सभी लोग उचकागांव के महैचा के रहने वाले हैं।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!