तमिलनाडु के कृषि मंत्री दोरिक्कन्नु का कोविड-19 से निधन

RDoraikkannuofl
The Hindi Post

चेन्नई | तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर. दोरिक्कन्नु का कोविड-19 से शनिवार की देर रात निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन की जानकारी कावेरी अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अरविन्दन सेल्वराज ने यहां जारी एक बयान में कहा, “बेहद दुख के साथ हम यह जानकारी दे रहे हैं कि कृषि मंत्री थिरू आर. दोरिक्कन्नु का 31.10.2020 को रात 11:15 बजे निधन हो गया।”

पापनासम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए मंत्री को सांस लेने में गंभीर समस्या होने के बाद 13 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर उनका कोविड-19 परीक्षण पॉजिटिव आया था। मुख्यमंत्री के.पलानीस्वामी की मां को श्रद्धांजलि देने के लिए सलेम की यात्रा करने के दौरान दोरिक्कन्नु ने तबियत खराब होने की शिकायत की थी।

राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित और मुख्यमंत्री के.पलानीस्वामी ने दोरिक्कन्नु के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पुरोहित ने कहा कि उन्हें दोरिक्कन्नु के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। वह अपनी सादगी, विनम्रता, शासन कौशल और किसान समुदाय के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से तमिलनाडु के लोगों और विशेष रूप से अन्नाद्रमुक पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति हुई है।

वहीं पलानीस्वामी ने कहा कि वह दोरिक्कन्नु के निधन के बारे में सुनकर हैरान और बहुत दुखी हैं। उन्होंने दिवंगत मंत्री के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इससे पहले डीएमके के विधायक जे. अन्बझगन का 10 जून, 2020 को कोविड से निधन हो गया था। दोरिक्कन्नू के निधन के बाद तमिलनाडु विधानसभा में खाली सीटों की संख्या 4 हो गई है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!