क्यों लोकसभा स्पीकर के पास पहुंचीं टीएमसी सांसद काकोली घोष ? इस कद्दावर नेता पर लगाए संगीन आरोप…

kakoli ghosh 2

तृणमूल कांग्रेस के कई पदों से इस्तीफा देने वालीं सांसद काकोली घोष दस्तीदार की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

क्यों लोकसभा स्पीकर के पास पहुंचीं टीएमसी सांसद काकोली घोष ? इस कद्दावर नेता पर लगाए संगीन आरोप…

 

नई दिल्ली | तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कई पदों से इस्तीफा देने वालीं सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी के चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत की है. उन्होंने कल्याण बनर्जी पर लोकसभा के भीतर दुर्व्यवहार और महिला सांसदों के खिलाफ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है.

दरअसल काकोली घोष ने 27 मई को टीएमसी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उन्होंने पार्टी की सदस्यता नहीं छोड़ी है.

गुरुवार को लिखे गए पत्र में काकोली घोष ने लोकसभा अध्यक्ष से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अनुमति मांगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण बनर्जी ने कई बार लोकसभा के अंदर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. यह व्यवहार केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य महिला सांसदों के साथ भी किया जाता है. उन्होंने इसे ‘महिला विरोधी मानसिकता’ बताते हुए मामले में कार्रवाई करने की मांग की है.

पत्र में उन्होंने लिखा, “मैं आपके समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अनुमति चाहती हूं. एआईटीसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कई बार लोकसभा के भीतर मेरे साथ मौखिक दुर्व्यवहार किया है. यह महिला सांसदों के खिलाफ अपमानजनक रवैया है और इसके लिए उन्हें दंडित किया जाना चाहिए.”

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ते अंदरूनी मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है. दरअसल, विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने काकोली घोष को टीएमसी के चीफ व्हिप पद से हटाकर कल्याण बनर्जी को यह जिम्मेदारी सौंपी थी. इसके बाद से पार्टी के संसदीय दल के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. 27 मई को उन्होंने टीएमसी से इस्तीफा दे दिया.

फिलहाल इस मामले में कल्याण बनर्जी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

काकोली घोष ने पहले टीएमसी के बारासात जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया और फिर उन्होंने पार्टी संगठन में अन्य सभी पदों से भी इस्तीफा दे दिया. अब उन्होंने टीएमसी के कद्दावर नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

आईएएनएस

टीएमसी सांसद काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप, लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र


The Hindi Post
error: Content is protected !!