सिर पर सुनहरे बाल और 700 किलो वजन…, ईद पर कटने ही वाला था ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का भैंसा तभी….

donald trump

‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम से मशहूर दुर्लभ एल्बिनो भैंसा / (वायरल वीडियो से लिया गया स्कीनग्रैब)

The Hindi Post

सिर पर सुनहरे बाल और 700 किलो वजन…, ईद पर कटने ही वाला था ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का भैंसा तभी….

 

बांग्लादेश में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम से मशहूर हुआ एक दुर्लभ एल्बिनो भैंसा अब कटेगा नहीं. आखिरी वक्त पर PM तारिक रहमान की सरकार ने उसकी कुर्बानी रुकवा दी और सीधे नेशनल जू भिजवाने का फैसला कर लिया. ये भैंसा ईद पर कुर्बानी के लिए बिक चुका था. लोग देखने के लिए टूट पड़ रहे थे. सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुआ कि सरकार तक को बीच में कूदना पड़ा. करीब 700 किलो वजन वाले इस भैंसे की सबसे बड़ी पहचान उसके सिर पर झूलते सुनहरे बाल बने. लोगों को उसका हेयरस्टाइल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जैसा लगा, बस फिर क्या था, इंटरनेट ने उसका नाम ही ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रख दिया.

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद के आदेश के बाद सरकार ने खरीदार के पैसे लौटाने और भैंसे को ढाका के नेशनल जू में शिफ्ट करने का फैसला लिया. अधिकारियों के मुताबिक, असामान्य स्तर की पब्लिक दिलचस्पी और सुरक्षा चिंताओं की वजह से यह कदम उठाया गया. एक मंत्रालय अधिकारी ने कहा, ‘आखिरी समय में फैसला लिया गया कि सुरक्षा कारणों और असामान्य पब्लिक इंटरेस्ट को देखते हुए भैंसे की कुर्बानी नहीं दी जाएगी.’ हालांकि माना यह भी जा रहा है कि बांग्लादेश की सरकार नहीं चाहती थी कि ट्रंप के नाम पर कुर्बानी हो, क्योंकि यह एक अनावश्यक तनाव नहीं चाहता था.


 

शुरुआत में यह सिर्फ ईद पर कुर्बानी के लिए खरीदा गया एक सामान्य पशु था, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही यह पूरे बांग्लादेश में चर्चा का विषय बन गया. ढाका के पास नरायणगंज स्थित फार्म पर भारी भीड़ जुटने लगी. लोग दूर-दूर से सिर्फ इस अनोखे भैंसे को देखने पहुंच रहे थे. फार्म मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि उनके छोटे भाई ने सबसे पहले इस भैंसे के बालों को देखकर उसका नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रखा था. उसे लगा कि भैंसे के सुनहरे बाल ट्रंप के मशहूर हेयरस्टाइल जैसे दिखते हैं. मृधा के मुताबिक, चार साल के इस एल्बिनो भैंसे को करीब 10 महीने पहले खरीदा गया था. इसकी खास देखभाल करनी पड़ती है, जिसमें नियमित खाना और बार-बार नहलाना शामिल है. उन्होंने बताया कि यह दूसरे भैंसों के मुकाबले काफी शांत स्वभाव का है.

बांग्लादेश में एल्बिनो भैंसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं. वहां ज्यादातर भैंसों का रंग काला या गहरा ग्रे होता है. एल्बिनिज्म एक जेनेटिक स्थिति है, जिसमें शरीर में मेलानिन नहीं बनता. इसी वजह से त्वचा हल्की, बाल सुनहरे या सफेद और नाक गुलाबी दिखाई देती है. इसी दुर्लभता की वजह से ऐसे जानवर ईद के मौसम में लोगों का ध्यान खींचते हैं. लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इस भैंसे को बचाने की सबसे बड़ी वजह उसकी वायरल लोकप्रियता और बढ़ती भीड़ थी. अब यह ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का भैंसा ढाका के नेशनल जू में रखा जाएगा, जहां उसके खास आकर्षण बने रहने की उम्मीद है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!