सुशांत के 2 दोस्त दिल्ली पहुंचे, जांच में तेजी लाने की मांग

Sushant_800x635

सुशांत सिंह राजपूत ( फाइल फोटो)

The Hindi Post

नई दिल्ली । बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दो दोस्त गुरुवार को यहां दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत अभिनेता की मौत के मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पर जांच में देरी करने का आरोप लगाया और साथ ही जांच में तेजी लाने की मांग की। सुशांत के दो दोस्त-गणेश और अंकित आर्य के अलावा सुशांत का दोस्त होने का दावा करने वाले विजय शेखर गुप्ता गुरुवार को यहां इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे।

एयरपोर्ट से जंतर मंतर तक पैदल मार्च करने वाले गणेश ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम सुशांत के पोस्टर के साथ दिल्ली पहुंचे हैं और मामले की शीघ्र जांच की मांग कर रहे हैं। यहां तक कि सीबीआई ने भी मौत के मामले की जांच में अपडेट के बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है।”

उन्होंने कहा, “सीबीआई की ओर से देरी के कारण ही हमें सुशांत के न्याय के लिए दिल्ली आना पड़ा है और अब हमें पुलिस जंतर मंतर तक मार्च करने से रोक रही है।”

दिल्ली पुलिस द्वारा हटाए जाने से पहले, सुशांत के दोस्त विजय शेखर गुप्ता ने कहा कि सभी मीडिया रिपोर्ट दावा करते हैं कि दिवंगत अभिनेता ने नशीली दवाओं का सेवन किया था, जोकि पूरी तरह से झूठ है।

उन्होंने कहा, “सुशांत ने कभी ड्रग्स नहीं लिया और यह उनकी मौत की जांच के मुख्य मुद्दे से ध्यान हटाने का एक तरीका है।”

उन्होंने यह भी कहा कि वह शुक्रवार से अपना उपवास शुरू करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपकर सुशांत की मौत के मामले में त्वरित जांच की मांग करेंगे।

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!