कुख्यात अपराधी का मर्डर, फैल गई सनसनी, मृतक पूर्व मेयर की हत्या का था मुख्य अभियुक्त…..

crime police (1)

सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)

The Hindi Post

कुख्यात अपराधी का मर्डर, फैल गई सनसनी, मृतक पूर्व मेयर की हत्या का था मुख्य अभियुक्त…..

 

मुजफ्फरपुर | बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की हत्या मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है. मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के अमर सिनेमा रोड पर आइकॉन टावर्स के समीप रविवार रात अज्ञात अपराधियों ने कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए. मृतक मुजफ्फरपुर के चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोविंद को आइकॉन टावर्स के समीप गोली मारी गई, जहां वह किराए के फ्लैट में रहता था. बताया जा रहा है कि गोविंद शर्मा घटना के समय सड़क से अपने मकान की तरफ बढ़ा ही था कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसके बाद स्थानीय लोगों की ओर से उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

एसएसपी मिश्रा ने बताया कि इस घटना की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है. घटनास्थल से पांच जिंदा कारतूस और छह खोखे बरामद हुए हैं. गोविंद पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. एफएसएल की टीम को बुलाया गया है.

बताया जा रहा है कि गोविंद कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और गैंगवार के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है.

नगर थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

IANS

बिहार मुजफ्फरपुर के कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित


The Hindi Post
error: Content is protected !!