सरकारी दफ्तर में बाबू ने कर डाला ‘कांड’, महिला टॉयलेट में लगाया स्पाई कैमरा, शर्मनाक हरकत…..

SPY CAMERA 2 (1) (1)

AI Photo | Deposit Photos

The Hindi Post

सरकारी दफ्तर में बाबू ने कर डाला ‘कांड’, महिला टॉयलेट में लगाया स्पाई कैमरा, शर्मनाक हरकत….

 

जगतसिंहपुर (ओडिशा) में डिस्ट्रिक्ट रूरल डेवलपमेंट एजेंसी (DRDA) के एक क्लर्क को ऑफिस के महिला वॉशरूम में स्पाई कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी जूनियर क्लर्क की पहचान संजय अधेक के रूप में की गयी. पुलिस अधीक्षक ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी ने एक महिला कर्मचारी को प्रपोज करने में नाकाम रहने के बाद यह कैमरा लगाया था.

एसपी ने बताया कि जगतसिंहपुर शहर के बाहरी इलाके ‘सांरा’ में स्थित डीआरडीए कार्यालय के महिला शौचालय में एक महिला कर्मचारी ने स्पाई कैमरा लगा हुआ देखा. इसके बाद उसने तुरंत मुख्य कार्यकारी अधिकारी को इसकी जानकारी दी. डीआरडीए के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ने इस संबंध में तीर्तोल थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

जगतसिंहपुर के एसपी ने बताया, “पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद डीआरडीए कार्यालय के जूनियर राजस्व सहायक (जूनियर रेवेन्यू असिस्टेंट) संजय अधेक को गिरफ्तार किया है. उसे गुप्त कैमरा लगाने की घटना में शामिल पाया गया. आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल लिया है.

एसपी ने बताया कि आरोपी उसी कार्यालय की एक महिला कर्मचारी से लंबे समय से एकतरफा प्यार करता था. कुछ दिनों पहले उसने उस महिला कर्मचारी के सामने अपने प्यार का प्रस्ताव रखा था. लेकिन, उस महिला कर्मी ने इसे ठुकरा दिया. जिसके बाद उसने ऑनलाइन एक स्पाई कैमरा मंगवाया. उसने इस कैमरे को महिला शौचालय में लगा दिया और इसे अपने मोबाइल के वाई-फाई से कनेक्ट कर दिया.

वह हफ्ते में एक बार इस स्पाई कैमरे को चार्ज करता था. पुलिस ने बताया कि घटना का खुलासा होने के बाद आरोपी घबरा गया था और उसने जिला परिषद अध्यक्ष से गुहार लगाई थी कि उसे पुलिस के हवाले न किया जाए.

इस घटना के सामने आने के बाद जगतसिंहपुर के जिला मजिस्ट्रेट ने आरोपी संजय को निलंबित कर दिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है. पुलिस ने स्पाई कैमरा, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और दूसरे डॉक्यूमेंट्स जब्त कर लिए हैं.


The Hindi Post
error: Content is protected !!