सर गंगा राम अस्पताल को मिली 5 मीट्रिक टन ऑक्सीजन

oxygen-cylinder-regulator-gauge-hospital-equipment (1)

प्रतीकात्मक फोटो

The Hindi Post

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित सर गंगा राम अस्पताल (एसजीआरएच) ने आधी रात को ऑक्सीजन को लेकर एसओएस अलर्ट जारी किया था, जिसके कई घंटों बाद रविवार सुबह 4 बजे के करीब पांच मीट्रिक टन ऑक्सीजन अस्पताल को मिली है। शनिवार की रात को बढ़ते संकट और ऑक्सीजन के स्टॉक में गिरावट के साथ आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक राघव चड्ढा ने तत्काल सहायता के रूप में आधी रात को एक टन ऑक्सीजन की व्यवस्था की थी।

शनिवार को रात 10.30 बजे अस्पताल ने बताया था उनके पास ऑक्सीजन स्टॉक की उपलब्धता केवल 45 मिनट तक के लिए ही थी, जिसके चलते उन्होंने अधिकारियों से मदद की मांग की।

विज्ञापन
विज्ञापन

अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, “सरकार के द्वारा पिछले 24 घंटों में 9 मीट्रिक टन का आबंटन किया गया था, लेकिन एसजीआरएच को केवल 4.5 मीट्रिक टन ही मिला है। शेष की उपलब्धता आधी रात से पहले आईनॉक्स से कराया जाना है और यह मुमकिन नहीं है कि आधे घंटे में 4.5 टन को उपलब्ध करा दिया जाए। आईनॉक्स इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है और स्टॉक तेजी से घट रहा है।”

एसजीआरएच ने कहा, “इस वक्त ऑक्सीजन के सहारे 130 मरीज हैं, इंवेसिव वेंटिलेशन पर 30 मरीज हैं, आपात स्थिति में 40 मरीज हैं, जिनमें से 15 वेंटिलेटर्स पर हैं।”

अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय विधायक चड्ढा से संपर्क किया था, जिनके द्वारा कल और आज दोपहर को कुछ हद तक आपूर्ति की व्यवस्था की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

रविवार को 12.15 बजे, चड्ढा ने ट्वीट किया, “लिक्विड ऑक्सीजन ले जाने वाला एक क्रायोजेनिक वाहन गंगा राम अस्पताल तक पहुंचने वाला है, जब तक पूरी आपूर्ति नहीं हो जाती तब तक अंतरिम जरूरतें पूरी की जाती रहेंगी। इसके अलावा भी टीम केजरीवाल मदद करती रहेगी जिससे दिल्ली की सांस चलती रहे।”

इसके कुछ ही मिनटों बाद एक टन ऑक्सीजन से लैस एक टैंकर अस्पताल पहुंचा, जिससे दो घंटे के लिए राहत बनी रही।

आखिरी में लगभग 4.15 बजे, एसजीएरएच को आईनाक्स द्वारा पांच टन ऑक्सीजन मिली।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि यह 11-12 घंटे तक चलेगा।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post
error: Content is protected !!