राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: चुनाव आयोग को ….
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: चुनाव आयोग को ….
नई दिल्ली । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के अन्य नेताओं द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को नोटिस जारी किया. इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने यह भी संकेत दिया कि वह अगली सुनवाई पर याचिकाकर्ताओं में से एक के आचरण की जांच करेगी.
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने निर्देश दिया कि इस याचिका को विभिन्न राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया की वैधता को चुनौती देने वाली शीर्ष अदालत में पहले से लंबित अन्य याचिकाओं के साथ संबद्ध (टैग) किया जाए.
सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा, “हम नोटिस जारी कर रहे हैं और इसे पहले से लंबित मामलों के साथ संबद्ध कर रहे हैं.” पीठ ने आगे कहा कि ईसीआई की ओर से किसी को नोटिस स्वीकार करना चाहिए या फिर याचिकाकर्ता प्रतिवादियों को नोटिस तामील कराएं.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अगली सुनवाई पर याचिकाकर्ताओं में से एक से उसके आचरण को लेकर स्पष्टीकरण मांगेगा.
हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत की पीठ ने फिलहाल संबंधित याचिकाकर्ता की पहचान उजागर नहीं की है.
शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की, “हम अगली सुनवाई की तारीख पर याचिकाकर्ताओं में से एक से उनके आचरण के संबंध में सवाल पूछना चाहेंगे.” अदालत ने यह भी साफ किया कि उस याचिकाकर्ता से जुड़े नोटिस को अभी सिर्फ अस्थायी तौर पर मंजूर किया जा रहा है और इस पर अंतिम फैसला उनके आचरण पर दिए जाने वाले स्पष्टीकरण के बाद ही होगा.
यह याचिका 12 अक्टूबर को राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के 12 अन्य नेताओं द्वारा दायर की गई थी. इसमें मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने और गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है.
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा, याचिकाकर्ताओं में तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विपक्षी गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं.
मामले में प्रतिवादियों में भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी शामिल हैं.
IANS
