Friday, 27 November 2026
राज्य

इंडिया गठबंधन की सदस्य पार्टी ने किया निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन विधेयक के समर्थन का ऐलान

The Hindi Post

इंडिया गठबंधन की सदस्य पार्टी ने किया निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन विधेयक के समर्थन का ऐलान

 

मुंबई | निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन विधेयक को लेकर शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के भीतर सार्वजनिक रूप से मतभेद उभरकर सामने आ गए. पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने जहां इस विधेयक को समर्थन देने की घोषणा की, वहीं कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इसका खंडन करते हुए कहा कि इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

एनसीपी (एसपी) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने घोषणा की कि पार्टी ने निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन विधेयक, इसके साथ जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया है. मुंबई में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने इस विधेयक पर पार्टी के समर्थन की पुष्टि की.

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए आव्हाड ने परिसीमन विधेयक से जुड़े सवालों के जवाब दिए. उन्होंने कहा, “आज या कल, निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन को समर्थन देना ही होगा. हमारी पार्टी ने परिसीमन को अपना समर्थन दिया है.”

आव्हाड ने बताया कि परिसीमन के चर्चा का विषय बनने से पहले ही शरद पवार ने उनसे अनौपचारिक रूप से कहा था कि परिसीमन संवैधानिक रूप से अनिवार्य है और इसका कोई विकल्प नहीं है. पवार ने नेताओं को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों को मजबूत करने पर ध्यान देने की सलाह दी थी. शरद पवार को अपना मार्गदर्शक बताते हुए आव्हाड ने यह भी जोड़ा कि पार्टी के आठ सांसदों के साथ मिलकर सुप्रिया सुले जो भी निर्णय लेंगी, वही अंतिम होगा.

रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी ने इससे पहले इस बात को गोपनीय रखा था कि वह निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करेगी या नहीं जिससे इसके रुख को लेकर अटकलें और सस्पेंस बना हुआ था.

शुक्रवार शाम को आव्हाड के बयान ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए पार्टी की आधिकारिक लाइन को लेकर जारी अनिश्चितता पर विराम लगा दिया. हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस दावे को खारिज कर दिया कि पार्टी ने परिसीमन विधेयक को पहले ही समर्थन दे दिया था.

 


The Hindi Post

संबंधित खबरें

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई

error: Content is protected !!