मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर में पीछे से घुसी बाइक, NIA के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की दर्दनाक मौत

The Hindi Post

मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर में पीछे से घुसी बाइक, NIA के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की दर्दनाक मौत

 

मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक बाइक आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में बाइक चला रहे एनआईए (NIA) के 32 वर्षीय डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठीं उनकी मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब के मोहाली निवासी ईशान मेहरा दिल्ली में तैनात थे. शनिवार और रविवार को दफ्तर की छुट्टी होने के कारण वह शुक्रवार रात अपनी मित्र के साथ बाइक से बाजपुर जा रहे थे. देवापुर गांव के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने ईशान को मृत घोषित कर दिया. घायल महिला का इलाज जारी है.

हादसे की खबर मिलते ही एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सूचित किया. सूचना पाकर ईशान की मां और भाई मुरादाबाद पहुंचे जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया.

रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश सीसीटीवी फुटेज की मदद से की जा रही है.

मुरादाबाद पुलिस ने कहा, “उक्त सूचना पर थाना कटघर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर मृतक के शव का पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई तथा घायल महिला को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है.”

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!