मानवता शर्मसार : पुलिसवालों ने रात के अंधेरे में शव को अपने क्षेत्र से उठवाकर दूसरे पुलिस क्षेत्र में फेंकवाया, हुई कार्रवाई, VIDEO

meruth police

वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब

The Hindi Post

मानवता शर्मसार : पुलिसवालों ने रात के अंधेरे में शव को अपने क्षेत्र से उठवाकर दूसरे पुलिस क्षेत्र में फिकवाया, हुई कार्रवाई, VIDEO

 

यूपी के मेरठ से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दो पुलिसकर्मी एक बाइक के पास खड़े हुए दिख रहे है. इसी दौरान वहां एक ई-रिक्शा आता है. इसमें एक शव रखा होता है. पुलिसकर्मी शव को एक दुकान के बाहर उतरवाते हैं और इसके तुरंत बाद सभी वहां से चले जाते है.

यह घटना 4-5 दिसंबर की रात करीब 1:50 बजे की बताई जा रही है. अगली सुबह दुकान के सामने अज्ञात शव मिलने पर दुकानदार 112 पर सूचना देता है. पुलिस आती है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज देती है. जब इस एरिया के CCTV फुटेज देखे गए तो बड़ा खुलासा हुआ. फुटेज में साफ दिख रहा है कि शव को एक दुकान के बाहर छोड़ दिया जाता है.

जांच में पता चला कि शव फेंकने की कार्रवाई नौचंदी थाने के एल ब्लॉक चौकी में तैनात सिपाही राजेश कुमार और होमगार्ड रोहतास ने की. आरोप है कि उन्होंने पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से बचने के लिए शव को अपने थाना क्षेत्र से बाहर फेंकवा दिया. कहा जा रहा है कि यह कदम चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार के निर्देश पर उठाया गया था.

घटना सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज और सिपाही राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है. होमगार्ड रोहतास पर कार्रवाई के लिए कमांडेंट को पत्र भेजा गया है. एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है और मामले की जांच एसपी सिटी को सौंपी गई है.

वही पुलिसकर्मियों ने सफाई देते हुए दावा किया कि व्यक्ति नशे की हालत में सड़क पर मिला था इसलिए उसे दुकान के बाहर लिटा दिया गया था. हालांकि CCTV फुटेज ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और लोग शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

 

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क


The Hindi Post
error: Content is protected !!