बहुत ही खौफनाक: युवक की चाकू गोदकर हत्या, फिर आरोपी ने खुद फोन कर दी वारदात की जानकारी

crime police tape do not cross IANS (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)

The Hindi Post

बहुत ही खौफनाक: युवक की चाकू गोदकर हत्या, फिर आरोपी ने खुद फोन कर दी वारदात की जानकारी

 

नई दिल्ली | उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान ललित के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि हत्या करने वाले युवक ने वारदात के बाद मृतक के मोबाइल फोन से ही कॉल कर उन्हें घटना की जानकारी दी.

मृतक के भाई रविंद्र शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उनके बड़े भाई ललित की हत्या कर दी गई है. उन्होंने कहा, “जिस व्यक्ति ने मेरे भाई की हत्या की, उसने मेरे भाई के फोन से ही मुझे कॉल कर कहा कि उसने मेरे भाई को मार दिया है और आकर उसे उठा ले.”

रविंद्र के अनुसार, कॉल करने वाला व्यक्ति नशे में था. उन्होंने बताया, “शिवपुरी के बाद ब्रह्मपुरी इलाका पड़ता है. आरोपी ने शराब पी रखी थी. मुझे लगा कि वह मजाक कर रहा है, इसलिए मैंने बात को गंभीरता से नहीं लिया. लेकिन, जब सुबह मैंने दोबारा फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया और मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला.”

उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद उन्हें किसी अन्य व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि उनके भाई की हत्या कर दी गई है. इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे. रविंद्र ने कहा, “जब मैं भगत सिंह कॉलोनी के पास पहुंचा तो देखा कि मेरे भाई के पेट में चाकू मारा गया था. उसके सीने पर भी कई चोटों के निशान थे.”

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि हत्या करने वाले लोग उनके भाई के परिचित और दोस्त थे. उन्होंने कहा, “हमें लगा था कि मेरा भाई काम पर गया है. बाद में पता नहीं क्या हुआ. संभव है कि उसके दोस्तों ने उसे ज्यादा शराब पिला दी हो, लेकिन पूरी जानकारी अभी नहीं है. इतना जरूर है कि आरोपी ने मेरे भाई की हत्या की और फिर खुद मुझे फोन करके इसकी जानकारी दी.”

रविंद्र ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद से मृतक का मोबाइल फोन भी आरोपी के पास ही है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने सुबह उनकी शिकायत दर्ज कर ली लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है.

वहीं, मृतक के पिता ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “मुझे सुबह पता चला कि किसी ने मेरे बेटे की हत्या कर दी है. पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है.”

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

 

दिल्ली : न्यू उस्मानपुर में युवक की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी ने खुद फोन कर दी वारदात की सूचना (IANS)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!