मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल अजय भल्ला को सौंपा पत्र
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह (फाइल फोटो | आईएएनएस)
इंफाल | मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को सौंप दिया है.
एन बीरेन सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को दिए अपने इस्तीफे में राज्यपाल से मणिपुर की अखंडता बनाए रखने और राज्य की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक कदम उठाने की अपील की है. इसके साथ ही अपने इस्तीफे में राज्य की स्थिरता और सुरक्षा से जुड़ी पांच प्रमुख मांगों को भी केंद्र सरकार के सामने रखा. उन्होंने कहा कि मणिपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अखंडता को बनाए रखना जरूरी है.
इसके अलावा एन बीरेन सिंह ने सीमा पर घुसपैठ रोकने और अवैध प्रवासियों को निष्कासित करने की नीति बनाए जाने की मांग की है. उन्होंने नशे से जुड़े आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को जारी रखने और एक सख्त व सुरक्षित नई एमएफआर (MFR) प्रणाली लागू करने पर जोर दिया है. मणिपुर से जुड़ी अन्य सभी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
वहीं राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार का गठन होने तक जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है. ऐसे में एन. बीरेन सिंह मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूत्रों के अनुसार, नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा एक या दो दिन में की जाएगी. इस्तीफा देने से पहले एन. बीरेन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी.
एन. बीरेन सिंह को राज्य में जातीय संघर्ष से निपटने के तरीके को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है.
पिछले हफ्ते विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत को दिल्ली बुलाए जाने के बाद मणिपुर में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिलने लगे थे. इसके बाद ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री युमनाम खेमचंद भी दिल्ली आए थे.
इस बीच संकेत मिल रहे थे कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है. ऐसे में सीएम एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे को बड़े सियासी घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है. सियासी चर्चाओं की मानें तो कांग्रेस पार्टी मौजूदा नेतृत्व से नाराज कुछ भाजपा विधायकों की मदद से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर विचार कर रही है.
एन. बीरेन सिंह ने पिछले वर्ष की मणिपुर में हिंसा को लेकर जनता से माफी मांगी थी. उन्होंने कहा, “यह पूरा साल बेहद खराब रहा. मैं राज्य के लोगों से पिछले साल तीन मई से लेकर आज तक जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए माफी मांगता हूं. कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया. कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया. मुझे इसका दुख है. मुझे उम्मीद है कि 2025 में राज्य में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी.”
