बेहद खौफनाक! नाती ने उद्योगपति नाना की ली जान, 73 बार मारा चाकू
हैदराबाद | उद्योगपति वेलमति चंद्रशेखर जनार्दन राव के नाती कीर्ति तेजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तेजा पर अपने नाना की हत्या करने का आरोप है. आरोप है कि उसने अपने नाना को चाकू से गोदकर मार डाला. पुलिस ने कहा कि संपत्ति विवाद को लेकर वेलमति की हत्या की गई.
वेलजन ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक जनार्दन राव की गुरुवार रात हैदराबाद में हत्या कर दी गई थी. इस वारदात को उनके आवास पर ही अंजाम दिया गया था. पुलिस ने हत्यारोपी को शनिवार रात को गिरफ्तार कर लिया.
वेलमति चंद्रशेखर जनार्दन राव और उनके नाती कीर्ति तेजा के बीच संपत्ति को लेकर हुई बहस हुई थी. इसके बाद उसने अपने नाना को चाकू से गोदकर मौत की नींद सुला दिया. तेजा ने अपने नाना पर चाकू से 73 बार वार किया था.
आंध्र प्रदेश के एलुरु के रहने वाले 86 वर्षीय जनार्दन राव पिछले कुछ महीनों से यहां सोमाजीगुडा स्थित अपने आवास पर रह रहे थे.
उन्होंने हाल ही में अपनी बड़ी बेटी के बेटे श्रीकृष्ण को वेलजन ग्रुप का निदेशक नियुक्त किया था. वही उन्होंने अपनी दूसरी बेटी सरोजनी देवी के बेटे कीर्ति तेजा को चार करोड़ रुपये के शेयर ट्रांसफर किए थे.

पुलिस के अनुसार, सरोजनी देवी और कीर्ति तेजा गुरुवार को जनार्दन राव के घर गए थे. संपत्ति के बंटवारे को लेकर जनार्दन राव और कीर्ति तेजा के बीच बहस हुई. इसी दौरान कीर्ति तेजा ने चाकू से अपने नाना जनार्दन राव पर हमला कर दिया. 29 वर्षीय कीर्ति तेजा ने राव पर 73 बार चाकू से वार किया. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
चाय लाने के लिए रसोई में गई सरोजनी देवी शोर सुनकर दौड़ कर आई और बीच-बचाव करने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि कीर्ति ने उन पर भी हमला कर दिया था.
वारदात को अंजाम देने के बाद तेजा ने चश्मदीद सुरक्षा गार्ड को भी धमकी दी थी. फिर वह मौके से फरार हो गया था.
पंजागुट्टा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह हाल ही में अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन की पढाई पूरी करने के बाद अमेरिका से लौटा था.
पुलिस ने तेजा को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया था. कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस को संदेह है कि तेजा नशे का आदी हो सकता है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
राव अपने परोपकारी कार्यों के लिए जाने जाते थे. उन्होंने एलुरु के सरकारी जनरल अस्पताल और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को काफी दान भी दिया था.
आईएएनएस
