17 महिलाओं की हत्या करने वाले सीरियल किलर को सुनाई गई उम्रकैद की सजा

Yerukali Srinu
The Hindi Post

हैदराबाद | तेलंगाना के जोगुलम्बा-गडवाल जिले की एक अदालत ने 17 महिलाओं की हत्या करने वाले एक सीरियल किलर को उम्रकैद की सजा सुनाई है। ताड़ी की दुकानों पर महिलाओं से दोस्ती करने के बाद उन्हें निशाना बनाने वाले येरुकली श्रीनू (47) को हत्या के एक मामले में सजा सुनाई गई।

तीसरे अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने श्रीनू को दोषी ठहराया और गुरुवार को उसे चिट्टी अलीवेलम्मा (53) की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

श्रीनू को 2019 में अलीवेलम्मा की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जांच से पता चला कि उसने पिछले एक दशक में 16 अन्य महिलाओं को मारा है। श्रीनू की पत्नी सलाम्मा को भी चोरी की संपत्ति को इक्कठा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

शराब का आदी श्रीनु, ताड़ी की दुकानों पर पीने के लिए आने वाली महिलाओं से दोस्ती करता था, पिकनिक के नाम पर उन्हें सुनसान जगहों पर ले जाता था और वही उनके साथ शराब पीकर उनकी हत्या कर देता था। वह उनके सोने-चांदी के आभूषणों को चुरा लेता था।

श्रीनू आखिरकार तब पकड़ा गया जब पुलिस ने अलीवेलम्मा की हत्या के मामले को सुलझाया। अलीवेलम्मा का शव 17 दिसंबर, 2019 को महबूबनगर जिले के एक गाँव के पास मिला था।

पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी ने रंगारेड्डी और महबूबनगर जिलों में विभिन्न स्थानों पर ताड़ी की दुकानों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

श्रीनू को कुछ आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया गया और जेल भेजा गया था। 2009 में उसे अपने भाई की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन 2013 में जेल में अच्छे आचरण के कारण उसे छोड़ दिया गया था। हालांकि, उसमें कोई बदलाव नहीं आया। आखिरी बार 2018 में जेल से रिहा होने के बाद, अधिकारियों ने उसे जेल विभाग द्वारा संचालित एक पेट्रोल बंक पर इस उम्मीद के साथ नौकरी प्रदान की थी कि वह सुधर जाएगा। फिर भी वह शराब पीकर अपराध करता रहा।

उसे 11 मामलों में बरी किया गया था। हाल ही में दो मामलों में उसे बरी किया गया था। पुलिस ने उसके बरी होने के खिलाफ अपील की थी।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!