वकील ने भरी अदालत में कथित तौर पर जज पर फेंका जूता, FIR दर्ज

Juj
The Hindi Post

मध्य प्रदेश के आगर जिले में एक वकील ने अजीब हरकत की. उन्होंने कथित तौर पर जज पर अपना जूता उतार कर फेंक दिया. हालांकि, समय रहते जज साहब नीचे बैठ गए और बच गए.

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को आगर जिले की एक अदालत के अंदर तब हुई जब न्यायाधीश एक मामले की सुनवाई कर रहे थे.

हुआ यह कि दो अलग-अलग पक्षों का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील तीखी बहस में उलझ गए. इस पर न्यायाधीश प्रदीप दुबे ने आपत्ति जताई.

इससे गुस्साए वकील नितिन अटल, जो पहले से ही अपने प्रतिद्वंद्वी के साथ मौखिक बहस में उलझे हुए थे, उन्होंने अचानक अपना जूता निकाल कर न्यायाधीश की ओर फेंक दिया.

इसके बाद न्यायाधीश ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने नितिन अटल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी पर आईपीसी की धारा 332, 353, 294 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है.”

हालांकि, आरोपी वकील अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए है. पुलिस ने कहा कि आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है.

घटना की जानकारी मिलने पर आगर जिला कलेक्टर और एसपी कोर्ट पहुंचे थे.

हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
(इनपुट्स: आईएएनएस)

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!