भूस्खलन से भारी तबाही, अब तक 6 की मौत, सीएम ने जताया दुख

Landslide Mandi Himachal (1)

राहत और बचाव का कार्य करती सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सयुंक्त टीमें (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

भूस्खलन से भारी तबाही, अब तक 6 की मौत, सीएम ने जताया दुख…..

 

मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में मंगलवार शाम को हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. इस भूस्खलन के कारण अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है.

दरअसल, मंडी के जंगम बाग बीबीएमबी कॉलोनी में पहाड़ी दरकने से दो घर मलबे की चपेट में आ गए थे जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य के बाद मलबे से तीन और शव बरामद किए गए हैं. इनमें सुरेंद्र कौर और उनके बेटे गुरप्रीत सिंह शामिल हैं. इनके शव घर के नीचे दबे थे. इन शवों को छत काटकर निकाला गया.

इसके अलावा, एक अन्य शव स्कूटर सहित मलबे में दबा मिला. मृतक की पहचान डढ़याल निवासी प्रकाश शर्मा के रूप में हुई. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुंदरनगर अस्पताल भेज दिया गया है.

इस बीच, घटनास्थल पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं. मलबे में एक टाटा सूमो गाड़ी के दबे होने की सूचना है जिसका कुछ हिस्सा बरामद हो चुका है. गाड़ी में सवार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.

इसके अलावा, भारी बारिश के बावजूद चार से पांच जेसीबी मशीनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से मलबा हटाने का काम जारी है. मलबे में दबे अन्य लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जोर-शोर से चल रहा है.

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भूस्खलन की घटनाओं पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. इस त्रासदी में कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं. यह हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक समय है.”

उन्होंने कहा, “आपदा के चलते कई क्षेत्रों में हालात अभी भी गंभीर हैं. किन्नौर के वांगटू में ब्लॉक पॉइंट पर रुकी गाड़ियों पर पत्थर गिरने से भारी नुकसान हुआ है. आज भी नदी-नाले उफान पर हैं, कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और कुछ जगहों से भूस्खलन की भी खबरें हैं. राज्य सरकार एवं राहत दलों की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में दिन-रात एक करके जुटी हैं. मैं स्वयं भी जिलों के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हूं. आप सभी से आग्रह करता हूं कि प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पूरी तरह पालन करें. ये निर्देश आपकी सुरक्षा के लिए सर्वोपरि हैं. जोखिम भरे स्थानों की ओर न जाएं. अनावश्यक यात्रा से बचें.”

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!